- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- कट्टे की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट,...
कट्टे की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट, आयल के डिब्बे और डीजल भी भरकर ले गए लुटेरे

डिजिटल डेस्क, सिवनी। यहां बीती रात शातिर बदमाशों ने एक पेट्रोल पम्प लूट लिया इतना ही नहीं पंप में रखे आयल के डिब्बे एवं डीजल भी लूट ले गए। लुटेरे जाते जाते पंप कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी साथ ले गए। घटना के संबंध में बताया गया है कि छपारा थाना सीमा के चमारी गांव में देर रात चार नकाबपोशों ने एक पेट्रोल पंप में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लुटेरों ने करीब दस हजार नकद के अलावा आयल के डिब्बे और डीजल भरकर भाग निकले। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घटना के दौरान आरोपियों ने CCTV कैमरे तोड़ डाले और उसका माड्यूलर अपने साथ ले गए। जिले में इस साल पेट्रोल पंप में लूट की यह दूसरी घटना है।
यह है घटना
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे नई टीयूवी फोरव्हीलर वाहन में चार लोग पहुंचे। पेट्रोल पंप कार्यालय के बाहर लगे कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद कैबिन में सो रहे कर्मचारियों को दरवाजे में धक्का देकर उठाया। कर्मचारी इससे पहले कि कुछ समझ पाते लुटेरे दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। बाद में कट्टा दिखाते हुए कैश की जानकारी मांगी, छानबीन करने पर वहां पर करीब दस हजार नकद मिले। बाद में लुटेरों ने कर्मचारियों को बाथरूम में बंद कर अन्य सामान भी लूट लिया। साथ ही कर्मचारियों के मोबाइल भी छीनकर ले गए।
टार्च समझकर छोड़ा मोबाइल से दी सूचना
घटना के दौरान पंप के कर्मचारी के पास छोटा मोबाइल था जिसे लुटेरे टार्च समझकर नहीं ले गए। बाद में उसी के माध्यम से पेट्रोल पंप मालिक राजेश राजपूत को खबर दी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही छपारा और लखनादौन पुलिस के अधिकारी दलबल के साथ पहुंचे। चारों और नाकाबंदी कर खबर दी गई, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया। दूसरे दिन पुलिस कर्मचारियों के बयान लेकर मामले की छानबीन में जुट गई।
Created On :   7 Jun 2018 4:58 PM IST