- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बढ़ाई गई अभिनेता सलमान खान की...
बढ़ाई गई अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा, मिली वाय प्लस सुरक्षा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सलमान खान को अब वाई प्लस दर्जे की सुरक्षा दी जाएगा। बिश्नोई गैंग से धमकी के मद्देनजर राज्य सरकार ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। अब चार बंदूकधारी गार्ड 24 घंटे सलमान की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। कुछ महीने पहले सलमान के पिता को मार्निंग वॉक के दौरान एक धमकी भरा पत्र मिला था जिसमें उनका और सलमान का हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा करने की धमकी दी गई थी। कुख्यात लारेंस बिश्नोई गैंग की ओर से यह धमकी दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था जिन्होंने सलमान के बांद्रा स्थित घर और उनके पनवेल स्थित फार्म हाऊस की रेकी किए जाने का खुलासा हुआ था। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद सलमान ने हथियार के लाइसेंस के लिए भी आवेदन किया था जिसे पुलिस ने मंजूर कर लिया था। मुंबई पुलिस ने सलमान की सुरक्षा को लेकर गृहविभाग को रिपोर्ट सौंपी थी जिसके आधार पर अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया।
अमृता फडणवीस, अक्षय कुमार की भी सुरक्षा बढ़ी
सलमान खान के साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को भी वाई प्लस दर्जे की सुरक्षा देने का फैसला किया गया है। इसके अलावा अभिनेता अक्षय कुमार और अनुपम खेर की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। दोनों अभिनेताओं को एक्स दर्जे की सुरक्षा देने का फैसला किया गया है। दोनों की सुरक्षा के लिए तीन-तीन सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। हालांकि राज्य सरकार अभिनेताओं से सुरक्षा का खर्च वसूल करेगी।
शिंदे गुट के विधायकों-सांसदों को अधिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के सभी 41 विधायकों और 10 सांसदों को राज्य सरकार ने वाई प्लस दर्जे की सुरक्षा मुहैया कराई है। इससे पहले सरकार ने विपक्ष के 25 नेताओं की सुरक्षा कम करने का फैसला किया था। विपक्ष के जिन नेताओं की सुरक्षा बरकरार रखा गया है उनमें पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनका परिवार शामिल है। इसके अलावा राकांपा प्रमुख शरद पवार, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण व पृथ्वीराज चव्हाण की सुरक्षा बरकरार रहेगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यपाल भगतसिंग कोश्यारी की जेड प्लस सुरक्षा बरकरार रहेगी। राज ठाकरे, मुख्यमंत्री के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे की भी वाई प्लस दर्जे की सुरक्षा मिलती रहेगी। रामटेक से सांसद और शिंदे गुट के नेता कृपाल तुमाने की सुरक्षा बढ़ाकर जेड श्रेणी की कर दी गई है। समाजसेवी अन्ना हजारे की भी जेड श्रेणी की सुरक्षा बरकरार रहेगी। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर से तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले पूर्व न्यायमूर्ति केयू चांदीवाल की सुरक्षा हटाने का फैसला किया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को एस्कॉर्ट के साथ वाई प्लस सुरक्षा दी गई है।
Created On :   1 Nov 2022 8:44 PM IST