सोशल मीडिया पर महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने के मामले कई गुना बढ़े

Sending obscene messages to women on social media, increased cases
सोशल मीडिया पर महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने के मामले कई गुना बढ़े
सोशल मीडिया पर महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने के मामले कई गुना बढ़े

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बढ़ते स्मार्टफोन के इस्तेमाल के चलते अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने के मामले भी बढ़ रहे हैं। खासकर महिलाएं ऐसे मामलों में निशाना बन रहीं हैं। पिछले पांच सालों में मुंबई में आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान करने के मामलों में 226 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। हैरानी की बात यह है कि इनमें के करीब दो तिहाई मामलों में मुंबई पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में असफल रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2018 में अश्लील/आपत्तिजनक संदेश भेजने के कुल 295 मामले दर्ज किए गए। इनमें से पुलिस 109 मामलों को ही सुलझाने में सफल रही। पांच साल पहले यानी 2014 में महानगर में अश्लील संदेश भेजने के कुल 130 मामले दर्ज हुए थे। साल दर साल इसमें तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

हालांकि साइबर अपराध के कुल मामलों पर नजर डालें तो  आकड़े पिछले दो सालों से लगभग एक जैसे हैं। साल 2017 में साइबर अपराध के कुल 1361 मामले दर्ज हुए थे जबकि साल 2018 में 1362 मामले दर्ज हुए हैं। वहीं साल 2017 के 102 के मुकाबले बीते साल 2018 में पुलिस 260 मामलों को सुलझाने में सफल रही। 

डेबिट/क्रेडिट कार्ड ठगी हुई कम
साल 2017 के 606 के मुकाबले साल 2018 में डेबिट/क्रेडिट कार्ड ठगी के मामले गिरकर 461 रह गए। माना जा रहा है कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के चलते लोग इस तरह के ठगों से सावधान हो गए हैं और तेजी से बढ़ रही डेबिट/क्रेडिट कार्ड ठगी पर कुछ लगाम लगी है। साल 2014 में डेबिट क्रेडिट कार्ड ठगी के कुल 183 मामले दर्ज हुए थे तो तीन सालों में ही तीन गुना बढ़ गए थे। 

साल     अश्लील संदेश   डेबिटकार्ड ठगी   कुल साइबर अपराध
2014         130           183                    604
2015         152           320                    912
2016         136           423                    928
2017         228           606                   1361
2018         295           461                   1362

Created On :   21 Jan 2019 6:31 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story