एनसीपी विधायक काले बने अध्यक्ष , प्रबंधन समिति के 12 सदस्यों की नियुक्ति

Shirdi Institute - NCP MLA Kale became president, 12 members of management committee appointed
एनसीपी विधायक काले बने अध्यक्ष , प्रबंधन समिति के 12 सदस्यों की नियुक्ति
शिर्डी संस्थान एनसीपी विधायक काले बने अध्यक्ष , प्रबंधन समिति के 12 सदस्यों की नियुक्ति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अहमदनगर के सुप्रसिद्ध शिर्डी संस्थान का अध्यक्ष पद राकांपा के खाते में आया है। साईंबाबा संस्थान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद पर राकांपा विधायक आशुतोष काले की नियुक्ति की गई है। काले अहमदनगर की कोपरगांव सीट से विधायक हैं। जबकि उपाध्यक्ष पद पर जगदीश सावंत को नामित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से शिर्डी संस्थान के प्रबंधन समिति के 12 सदस्यों की नियुक्ति के संबंध में 16 सितंबर को अधिसूचना जारी की गई है। इसके अनुसार शिर्डी संस्थान के सदस्य के रूप में राकांपा के नाशिक से पूर्व विधायक जयवंतराव जाधव, युवासेना के कोर कमेटी सदस्य राहुल कनाल, अनुराधा आदिक, सुहास अहेर, अविनाश दंडवते, सचिन गुजर, सुरेश वाबले, महेंद्र शेलके, एकनाथ गोंदकर को नियुक्त किया गया है। शिर्डी नगर पंचायत के अध्यक्ष भी समिति के सदस्य होंगे।

समिति में इंजीनियरिंग, कानून, महिला और सामान्य कोटे के सदस्यों को नियुक्त किया गया है। शिर्डी संस्थान पर राकांपा का कब्जा होने के बाद अब समझा जा रहा है कि सोलापुर के पंढरपुर संस्थान का अध्यक्ष पद कांग्रेस के हिस्से जाएगा। जबकि मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर संस्थान का अध्यक्ष पद शिवसेना के पास पहले से है। प्रदेश में पूर्व की फडणवीस सरकार में शिर्डी संस्थान का अध्यक्ष पद भाजपा के पास था। जबकि उसके पहले आघाड़ी सरकार के समय शिर्डी संस्थान के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा था। 

Created On :   17 Sep 2021 1:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story