उत्तर प्रदेश और गोवा विधानसभा चुनाव लड़ेगी शिवसेना 

Shiv Sena will contest Uttar Pradesh and Goa assembly elections - Raut
उत्तर प्रदेश और गोवा विधानसभा चुनाव लड़ेगी शिवसेना 
संजय राऊत ने कहा उत्तर प्रदेश और गोवा विधानसभा चुनाव लड़ेगी शिवसेना 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में सत्ताधारी शिवसेना अगले साल की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश और गोवा विधानसभा चुनाव लड़ेगी। शिवसेना उत्तर प्रदेश में लगभग 80 से 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। जबकि गोवा में शिवसेना के करीब 20 सीटों पर लड़ेगी। रविवार को शिवसेना सांसद संजय राऊत ने यह जानकारी दी। राऊत ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ किसान संगठनों ने शिवसेना को विधानसभा चुनाव के लिए समर्थन देने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कई दलों भी शिवसेना को समर्थन देने की इच्छा जताई है। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी के तर्ज पर गोवा में भी गठबंधन बनाने की कोशिश चल रही है। मैं अभी नहीं कह सकता हूं कि इस प्रयास में कितनी सफलता मिलेगी। मगर गठबंधन में शिवसेना को उचित सीटें मिलेंगी तो हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। राऊत ने कहा कि शिवसेना हार और जीत की परवाह किए बिना उत्तर प्रदेश और गोवा में विधानसभा चुनाव लड़ती आई है। आगामी चुनाव भी लड़ेगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें और गोवा में विधानसभा की 40 सीटें हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने के सवाल पर राऊत ने कहा कि उनमें देश का नेतृत्व करने की क्षमता है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अपने आप ही देश के नेता बनते हैं।  

गुजरात में भाजपा की स्थिति अच्छी नहीं

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के इस्तीफे के सवाल पर राऊत ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है। पर गुजरात में भाजपा की स्थिति काफी अच्छी नहीं है। भाजपा ने गुजरात के पिछले विधानसभा चुनाव में किसी तरीके से आखिरी क्षणों में बहुमत हासिल किया था। अगले साल गुजरात में विधानसभा चुनाव होंगे। शायद इसीलिए भाजपा ने चुनावी तैयारी की दृष्टि से नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया होगा। भाजपा ने उत्तराखंड, कर्नाटक के बाद अब गुजरात के मुख्यमंत्री को बदला है। 

अफवाह फैलाते हैं पाटील 

प्रदेश भाजपा चंद्रकांत पाटील ने दावा करते हुए कहा था कि मुझे राज्य के एक मंत्री ने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री किसी चौक पर सबके सामने थप्पड़ मार देंगे तो भी हम लोग सत्ता नहीं छोड़ेंगे। इस पर राऊत ने कहा कि पाटील अफवाह फैला रहे हैं। उन्हें हवा में गोलीबारी नहीं करना चाहिए। महाविकास आघाड़ी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। उसके बाद साल 2024 के विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी सत्ता में वापसी करेगी। 
 

Created On :   12 Sep 2021 12:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story