ढाबे में चली गोली, एनएसयूआई  नेता घायल

Shot in the dhaba, NSUI leader injured
ढाबे में चली गोली, एनएसयूआई  नेता घायल
ढाबे में चली गोली, एनएसयूआई  नेता घायल

डिजिटल डेस्क जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के कटंगी बायपास पर स्थित आशा ढाबे में खाना खाने गए छोटी ओमती के इमरान बाबर पर असफाक एवं उसके साथियों ने गोली चला दी। इमरान के कंधे को छूती हुए गोली निकल गई। उसे इलाज के लिए मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं इमरान के दो साथियों का अपहरण कर ले जाने की भी शिकायत इमरान द्वारा की गई है। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि यह हमला एवं अपहरण की घटना प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर हुई है। रात करीब 10 बजे के लगभग इमरान खाना खाने अपने दोस्त व अन्य लोगों के साथ आशा ढाबा पहुँचा था। वहाँ पर जब वे खाना खा रहे थे तभी वहाँ पर चार कारों में असफाक अपने दो दर्जन साथियों को लेकर पहुँच गया और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। 
इमरान से कहा गया कि उसने क्यों प्रॉपर्टी बिकवाई है। इमरान के साथ कान्हा एवं कान्हा का दोस्त भी था। वे लोग उन्हें घसीटकर ले जाने लगे। इमरान ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो असफाक ने उस पर गोली चला दी। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके कंधे से छूती हुई निकल गई। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में इमरान के बयान के आधार पर आरोपियों की खोजबीन प्रारंभ कर दी है।
कांग्रेस एवं भाजपाइयों के बीच विवाद- सबसे पहले पुलिस को इमरान बाबर जो कि कांग्रेस से जुड़ा है तथा असफाक जो कि बीजेपी से  जुड़ा हुआ है उनके बीच विवाद एवं मारपीट की खबर मिली थी। बाद में पुलिस ने इस विवाद को प्रॉपर्टी से जुड़ा बताया। पुलिस ने गोली चलने वाले स्थान पर खोजबीन की, लेकिन अभी गोली का खोका नहीं मिला है। देर रात तक इस मामले को लेकर सनसनी फैली रही। 

Created On :   8 Feb 2020 1:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story