बचपन की सहेली को जेवरात दिखाए तो पार कर दिया कंगन

Stole bangle when She showed her jewelry to childhood friend
बचपन की सहेली को जेवरात दिखाए तो पार कर दिया कंगन
बचपन की सहेली को जेवरात दिखाए तो पार कर दिया कंगन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बचपन की सहेली को गहने दिखाना ठाणे के तुलशीधाम इलाके में रहने वाली एक महिला को भारी पड़ गया। महिला का दावा है कि उसकी सहेली झांसा देकर साढ़े चार तोले का सोने का कड़ा चुरा ले गई। फोन करने पर सहेली और उसके पति ने मामले की शिकायत पुलिस से न करने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर चितलसर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले में शिकायत करने वाली निशी ने बताया कि उन्होंने संतोष पाटील नाम के शख्स से प्रेम विवाह किया है और वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की रहने वालीं हैं। उनके गांव में ही रहने वाली उनकी बचपन की सहेली रीना माथुर अपने पति विजय और बच्चे के साथ मुंबई घूमने आई थी। रीना ने फोन कर मुंबई आने की बात बताई तो निशी ने उसे अपने घर बुला लिया और साथ में मुंबई घूमने की योजना बनाई। दोनों सहेलियों ने खूब बातें कीं इसी दौरान निशी के रीना को मोबाइल पर अपनी तस्वीरें दिखाईं तो रीना ने उससे कहा कि वह अपने वह गहने दिखाए जो उसने पहन रखे थे।

निशी ने उसे अपना नेकलेस और कंगन दिखाया। निशी के मुताबिक रीना ने नेकलेस देखकर बगल में रख दिया लेकिन कंगन लगातार देखती रही और उसकी तारीफ करती रही। निशी ने बताया कि उसने नेकलेस को आलमारी में रखा लेकिन रीना से कंगन लेना भूल गई। दोनों परिवार मुंबई के कई इलाकों में घूमे और फिर अगले दिन शिर्डी जाने की बात कहकर रीना मुंबई के ही एक होटल में रुक गई। घर वापस आने के बाद निशी को कंगन के बारे में ध्यान आया। उसने काफी खोजा जब कंगन नहीं मिला तो उसे शक हुआ कि रीना कंगन अपने साथ ले गई। उसने रीना को फोन किया तो पहले तो उसने आनाकानी की फिर झूठी शिकायत कर फंसाने की धमकी दी। इसके बाद निशी ने पुलिस में शिकायत कर दी।         

 

Created On :   8 Jan 2020 8:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story