शहर के प्रमुख बाजारक्षेत्र सीताबर्डी, इतवारी, महल, कमाल चौक, वर्धमाननगर में भी बंद का असर दिखा। हालांकि सिविल लाइन, रामदासपेठ, धरमपेठ में बंद का अधिक प्रभाव नहीं दिखा। मोमिनपुरा, हसनबाग,अग्रसेन चौक परिसर , गोलीबार चौक, इंदोरा क्षेत्र में शत प्रतिशत बंद की स्थिति रही। स्कूल कालेज चालू रहे। बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ समय तक सन्नाटा रहा। आटोरिक्षा बंद रहने से यात्रियों को परेशानी हुई। बंद प्रदर्शन में करीब 150 संगठन शामिल हुए थे। आटोमोटिव चौक परिसर में वाहनों व इमारत पर पथराव किया गया। दिन भी पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रहा। लिहाजा स्थिति नियंत्रण में रही।
वाॅट्सएप ग्रुप्स पर भड़काऊ मैसेज भेजने पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस ने एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। निगरानी के लिए आधुनिक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा ऐहतियातन सभी क्षेत्रों में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस आयुक्त डॉ.भूषणकुमार उपाध्याय के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण आंदोलन किया। शहर में तगड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाया गया था। कहीं भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रमुख बाजारपेठ में विशेष निगरानी रखी गई थी। शांतिपूर्ण बंद रहा।