- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- अजीब दास्तान - घर में शौचालय...
अजीब दास्तान - घर में शौचालय नहीं,बाहर जाओ तो पत्थर मारते हैं नगर निगम वाले!

डिजिटल डेस्क सतना। स्वच्छता सर्वेक्षण -2020 के तहत तमगा जीतने को बेताब नगर निगम के तकवारे खुले में शौच के लिए जाने वाली महिलाओं पर पथराव करते हैं? गुरुवार को नीमी जा रहे कलेक्टर डा.सतेन्द्र सिंह का रास्ता रोक महिलाओं ने एसडीएम पीएस त्रिपाठी के समक्ष इस आशय के आरोप लगाए। एसडीएम के इस आश्वासन के बाद कि एक और सुलभ कॉम्पलेक्स बना कर समस्या का समाधान किया जाएगा,अंतत: प्रदर्शनकारी राह से हटे। आरोप है कि नईबस्ती के ज्यादातर घरों में स्वच्छ भारत मिशन (शहर) के नहीं पहुंचने के कारण लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हैं।
रोको -टोंको रोज सुबह 6 बजे से
इसी बीच समग्र स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 की तैयारियों में जुटे नगर निगम प्रशासन के निचले अमले की फजीहत है। इन्हें रोको-टोंको मुहिम के लिए सुबह 6 बजे सबसे पहले नगर निगम के दफ्तर में आमद देनी होती है। इसके बाद साफ सफाई के समर्थन में और खुले में शौच के खिलाफ जनजागृति अभियान में निकलना पड़ता है। निगम का यही रोको -टोंको अभियान पथराव के आरोपों के बीच विवाद का विषय बनता जा रहा है। निगम के जिम्मेदार जहां खुले में शौच की मानसिकता को जिम्मेदार मान रहे हैं,वहीं ये आम धारणा है कि शौचालय निर्माण में भारी घोटाले के कारण शहर की कुछ बस्तियों के रहवासियों के बीच सार्वजनिक निस्तार के अलावा कोई रास्ता नहीं है।
आरोप - पेंडिंग हैं 500 आवेदन
निगम के जानकार सूत्रों का मानना है कि स्वच्छ भारत मिशन (शहर) के तहत केंद्र सरकार की आर्थिक मदद से घरों में बनाए जाने वाले शौचालयों की मांग पर आधारित तकरीबन 500 आवेदन नगर निगम की संबंधित शाखा में पेंडिंग हैं। शौचालय निर्माण के निगम ने 4 ठेकेदार भी तय कर रखे हैं। मगर, निर्माण कार्य बाधित क्यों है? ये बताने वाला कोई नहीं है। उल्लेखनीय है, स्वच्छ भारत मिशन (शहर) के तहत घरों में शौचालय की मांग आने पर हितग्राही से नगर निगम 13सौ 60 रुपए की मार्जिन मनी जमा कराता है। इसके बाद प्रति निर्माण पर केंद्र सरकार 13 हजार 300 रुपए की राशि देती है। शौचालय निर्माण की सुविधा सभी के लिए है।
और, उधर ये हैं सरकारी दावें
1- 2 सुलभ काम्पलेक्स, 3 सार्वजनिक शौचालय के बाद भी है रोना :-
नगर निगम के जानकार सूत्रों के मुताबिक खुले में शौच लेकर नईबस्ती के जिस इलाके में इतना हंगामा खड़ा किया जा रहा है, उस इलाके में 2 नि:शुल्क सुलभ काम्पलेक्स के अलावा 3 सार्वजनिक शौचालय स्थित हैं। इन शौचालयों में पूरी साफ सफाई के साथ हर समय सुविधा उपलब्ध कराई गई है,बावजूद इसके खुले में शौच की मानसिकता मौजूद है। इन सूत्रों ने पथराव की घटना से इंकार किया है।
Created On :   6 Dec 2019 6:16 PM IST