- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 2 लाख से अधिक कर्ज वाले किसानों के...
2 लाख से अधिक कर्ज वाले किसानों के लिए बनी उप समिति, देगी अपनी सिफारिश

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में 2 लाख रुपए से अधिक बकाया कर्ज वाले किसानों को राहत देने के लिए राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति बनाई गई है। उपसमिति 2 लाख रुपए से अधिक बकाया कर्ज वाले किसानों के लिए योजना लागू करने के बारे में अध्ययन करने के बाद अपने सिफारिश पेश करेगी। साथ ही उपसमिति नियमित कर्ज वापस करने वाले किसानों की मदद के लिए भी योजना बनाने सुझाव देगी।
राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अध्यक्षता में यह उप समिति बनाई गई है। राज्य सरकार के सहकारिता विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। उपसमिति के सदस्य नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे, राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात, सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री अशोक चव्हाण, कृषि मंत्री दादाजी भुसे और सहकारिता मंत्री बालासाहब पाटील बनाए गए हैं। सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव उपसमिति के सदस्य सचिव हैं। उपसमिति को एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपना होगा। राज्य सरकार ने किसानों का 2 लाख रुपए तक का बकाया कर्ज माफ करने का फैसला पहले ही ले चुकी है।
Created On :   16 Jan 2020 7:23 PM IST