SI को भारी पड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष को तमाचा मारना, हुआ सस्पेंड

Sub-inspector Slaps BJP Mandal President Sitaram dubey
SI को भारी पड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष को तमाचा मारना, हुआ सस्पेंड
SI को भारी पड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष को तमाचा मारना, हुआ सस्पेंड

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अधारताल थाने में पदस्थ एक शराबी SI ने भाजपा के वीर सावरकर मंडल के अध्यक्ष सीतारमण गुल्लू दुबे को तमाचा जड़ दिया। घटना के बाद पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं पर सिपाहियों ने लाठीचार्ज कर दिया। मामले की खबर फैलते ही केन्ट विधायक और भाजपा नगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। इस मामले में एसआई मनोज कुरील को निलंबित कर दिया है। रांझी CSP अखिल वर्मा को सिपाहियों की जांच सौंपी गई है। 

बताया जा रहा है कि अधारताल पुलिस ने रांझी बड़ा पत्थर निवासी अनिल चौधरी नामक युवक को किसी मामले में थाने में पूछताछ के लिए लाया था। गुरुवार शाम 4 बजे वीर सावरकर मंडल के अध्यक्ष सीतारमण गुल्लू दुबे युवक के संबंध में बातचीत करने के लिए पहुंचे। उन्होंने थाने में मौजूद SI मनोज कुरील से युवक के संबंध में बातचीत की। SI ने उन्हें 10 मिनट तक इंतजार करने के लिए कहा। 10 मिनट बाद SI मनोज कुरील ने अनिल चौधरी को लॉकअप से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट करने लगे। मंडल अध्यक्ष ने मारपीट का विरोध किया तो SI उनके साथ अभद्रता करने लगा। SI ने कहा कि सत्ता और संगठन के पांच साल होते हैं। पुलिस वालों की नौकरी 60 साल तक रहेगी। मैं तुझे देख लूंगा। इसके बाद SI ने मंडल अध्यक्ष को भी तमाचा मार दिया। घटना के बाद मंडल अध्यक्ष ने फोन कर भाजपा कार्यकर्ताओं को थाने में बुला लिया। 

SI को रोकने पर लाठीचार्ज
मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अधारताल थाने पहुंच गए। थाने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को देख पुलिस कर्मी घबरा गए। पुलिस कर्मी हैलमेट लगाकर SI मनोज कुरील को भगाने लगे। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने SI को थाने से निकलते देखा तो उन्होंने रास्ता रोक लिया। SI को रोकते ही थाने में मौजूद पुलिस कर्मी नीलकंठ, पवन तिवारी, श्याम मिश्रा और मयंक ने कार्यकर्ताओं पर लाठी बरसाना शुरू कर दी। लाठीचार्ज में भाजपा कार्यकर्ता विजयशंकर शुक्ला, राजू चौरसिया, बबलू बैरागी और आकाश पटेल घायल हो गए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने एसआई का रास्ता नहीं छोड़ा। 

थाने में हंगामा, स्थिति बेकाबू
इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधारताल थाने में जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने से सड़क पर भी जाम लग गया। विधायक अशोक रोहाणी और नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया। विधायक और नगर अध्यक्ष ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की पूरी जानकारी दी। 

दूसरे थाने में तैनात है श्याम मिश्रा
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सिपाही श्याम मिश्रा शहर के किसी दूसरे थाने में तैनात है। श्याम रोजाना अधारताल थाने में वसूली के लिए आता है। वह थाने में ऐसे काम करता है, जैसे वह अधारताल थाने में पदस्थ हो। श्याम ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने में मारपीट की। वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी भी जांच करना चाहिए।

 SI का मुलाहिजा कराया, कर दिया निलंबित
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राजेश तिवारी और सीएसपी रांझी अखिल वर्मा भी आ गए। एएसपी राजेश तिवारी ने एसआई का मुलाहिजा कराया। मेडिकल जांच में शराब के नशे में होना पाया गया। इसके बाद SI मनोज कुरील को निलंबित कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने की जांच सीएसपी अखिल वर्मा को सौंपी गई है। 

 

Created On :   24 Nov 2017 5:49 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story