सुभाष देसाई ने कहा - महाराष्ट्र से बाहर नहीं जाएंगे उद्योग

Subhash Desai said - Industries will not go out of Maharashtra
सुभाष देसाई ने कहा - महाराष्ट्र से बाहर नहीं जाएंगे उद्योग
शुरु हुई राजनीति  सुभाष देसाई ने कहा - महाराष्ट्र से बाहर नहीं जाएंगे उद्योग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के उद्योगों को पश्चिम बंगाल में ले जाने के लिए शिवसेना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मदद करने का आरोप लगाने भाजपा विधायक आशीष शेलार पर प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने पलटवार किया है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गुरुवार को मुंबई पहुंचे। पटेल के दौरे पर प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि वे महाराष्ट्र के निवेश को गुजरात ले जाने आए हैं। गुरुवार को देसाई ने दावा किया कि महाराष्ट्र के उद्योग दूसरे प्रदेशों में नहीं जाएंगे। देसाई ने कहा कि देश में औद्योगिक निवेश के लिए उद्योगपतियों की पहली पसंद महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में उद्योग पूरक वातावरण होने के कारण देश में सबसे अधिक औद्योगिक निवेश महाराष्ट्र में होता है। इसलिए महाराष्ट्र के उद्योग बाहर नहीं जाएंगे। देसाई ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के मुख्यमंत्री ममता से मिलने पर शेलार के पेट में दर्द हुआ है। शेलार ने आदित्य और ममता की मुलाकात की आलोचना की है। लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी मुंबई में आकर उद्योगों को आकर्षित किया। अब मैं इंतजार कर रहा हूं कि शेलार पटेल की निंदा कब करते हैं। देसाई ने कहा कि मेरा शेलार से सवाल है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मुंबई आए थे तो उस समय शेलार क्यों चुप थे। उन्होंने योगी के दौरे की निंदा क्यों नहीं की। 

दुबई एक्स्पो में 25 करार

देसाई ने कहा कि दुबई में आयोजित वर्ल्ड एक्स्पो में 25 सामंजस्य करार पर हस्ताक्षर हुए हैं। इससे राज्य में 15 हजार करोड़ रुपए का निवेश होगा। इसके जरिए राज्य में 30 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होगा। देसाई ने कहा कि केंद्र सरकार ने विश्व व्यापार केंद्र को मुंबई के बजाय गुजरात में स्थापित करने को मंजूरी दी है लेकिन महाराष्ट्र सरकार मुंबई में विश्व व्यापार केंद्र स्थापित करके रहेगी। 

Created On :   2 Dec 2021 4:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story