248 यात्रियों को लेकर हज के लिए रवाना हुआ पहला काफिला

The first batch of hajj pilgrims will leave on wednesday
248 यात्रियों को लेकर हज के लिए रवाना हुआ पहला काफिला
248 यात्रियों को लेकर हज के लिए रवाना हुआ पहला काफिला

डिजिटल डेस्क,नागपुर। नागपुर इंबार्केशन प्वाइंट से हज यात्रियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया। 248 हज यात्रियों का पहला काफिला बुधवार की रात मदीना के लिए रवाना हुआ। हज हाउस पहुंचे यात्रियों की बस को स्टेट हज कमेटी अध्यक्ष हाजी जमाल सिद्दीकी ने हरी झंडी दिखाकर एयरपोर्ट के लिए विदा किया। सीधे एयरपोर्ट पहुंचने वालों को रात 11 बजे से पहले पहुंचने की सूचना दिए जाने की जानकारी जिला हज कमेटी अध्यक्ष जुनैद खान ने दी। इस बार हज यात्रियों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की सुविधा की गई है। नागपुर इंबार्केशन प्वाइंट से विदर्भ, छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश के 4 जिलों के कुल मिलाकर 3300 हज की यात्रियों को विदा किया जाएगा। दूसरी फ्लाइट 25 जुलाई की रात 10.40 बजे रवाना होगी। 31 जुलाई तक हज यात्रियों की रवानगी का सिलसिला जारी रहेगा। 

बिना एहराम पहने विदाई 

पहला काफिला मदीना रवाना हुआ। मदीना जाने के लिए एहराम पहने की जरूरत नहीं है, इसलिए पहले काफिले के हज यात्रियों को बिना एहराम पहने विदा किए जाने की जानकारी जुनैद खान ने दी। अन्य काफिले जेद्दाह पहुंचेंगे। उन्हें हज हाउस से एहराम पहनाकर विदा किया जाएगा।

हज 2019 के लिए नागपुर हजरत बाबा ताजुद्दीन हज हाउस से हज यात्रियों को बस से रवाना किया गया। महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी जमाल सिद्दीकी तथा पार्षद दयाशंकर तिवारी ने हज यात्रियों के बस को हरी झंडी दिखाई। विदाई के दौरान हज यात्रियों के परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठी।
इसके पूर्व हज यात्रियों की विदाई के लिए हज हाउस में समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्षता महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी जमाल सिद्दीकी ने की। 

जनवरी से उमरा पर भेजा जाएगा

महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी जमाल सिद्दीकी ने कहा कि जनवरी से उमरा भेजने की तैयारी की जा रही है। महाराष्ट्र देश में पहला राज्य होगा । हज हाउस के किराए में कमी की भी घोषणा की। 10 हजार रुपए किराया लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हज हाउस के 39 कमरों का उपयोग बच्चों के लिए किया जाएगा। यहां रखकर उन्हें काम्पीटिशन एक्जाम की तैयारी कराई जाएंगी। मस्जिद में नियमित नमाज शुरू की जाएगी।  

Created On :   18 July 2019 8:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story