- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सीएम ड्यूटी में जा रहा एसपी का फालो...
सीएम ड्यूटी में जा रहा एसपी का फालो वाहन कार से भिड़ा
डिजिटल डेस्क सतना। जिले में रैगांव विधानसभा अंतर्गत दुर्गापुर में सीएम शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ सुरक्षा ड्यूटी में जा रहा फॉलो वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर कार से भिड़ गया। इस हादसे में 4 पुलिसकर्मियों समेत 6 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह तकरीबन 10 बजे कलेक्टर अनुराग वर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह नागौद से दुर्गापुर के रवाना हो गए, उनकी गाडिय़ों के पीछे एसपी का फॉलो वाहन क्रमांक एमपी 19 सीसी 2996 चल रहा था, जिसमें चालक समेत 5 पुलिसकर्मी सवार थे। इसी दौरान अकौना के पास सामने से आई कार क्रमांक डब्ल्यूबी 02 एबी 0328 से सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बोलेरो के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तो वहीं कार पलट कर सड़क से नीचे जा गिरी।
ये हुए घायल-
सड़क दुर्घटना में फॉलो वाहन के आरक्षक चालक महेन्द्र पटेल के साथ एसएएफ की 5वीं बटालियन की ए कम्पनी के प्रधान आरक्षक चेतन राठौर, सत्तार खान और आरक्षक दीपक शर्मा घायल हो गए तो वहीं कार सवार डा. सुमित्रा पति सुभेन्द्र सिन्हा 60 वर्ष और ड्राइवर दीपजीत नंदी 35 वर्ष, निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल को चोटें आईं। सभी घायलों को एम्बुलेंस से नागौद अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। इस बीच महिला डाक्टर ने फोन पर बांग्लादेश में मौजूद पति डा. सुभेन्द्र सिन्हा को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने जिला अस्पताल के डाक्टर से चर्चा कर पत्नी व चालक को किसी तरह जबलपुर तक पहुंचाने की बात कही, ताकि वह दोनों को फ्लाइट से कोलकाता बुलाकर इलाज करा सकें। तब स्थानीय डाक्टरों ने आरआई सत्यप्रकाश मिश्रा को अवगत कराया, जिन्होंने वाहन की व्यवस्था कराते हुए एक आरक्षक के साथ सुमित्रा और दीपजीत को जबलपुर रवाना करा दिया।
घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे एसपी-
उधर दुर्गापुर से लौटने के बाद एसपी धर्मवीर सिंह ने जिला अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों को हालचाल पूछा और डाक्टरों से इलाज के सम्बंध में चर्चा की। उन्होंने फोन पर महिला से भी बातचीत की है। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
रास्ता भटककर कार सवार पहुंच गए नागौद-
दुर्घटना का शिकार हुईं महिला डाक्टर अपने ड्राइवर के साथ अमरकंटक घूमने आई थीं। उन्हें शहडोल से रीवा, मिर्जापुर होते हुए कोलकाता जाना था, मगर गूगल मैप के सहारे सफर तय करने के चक्कर में भटककर कटनी आईं और वहां से देवेन्द्रनगर तक पहुंच गईं। अंतत: देवेन्द्र नगर में किसी स्थानीय व्यक्ति से रास्ता पूछा तो उसने नागौद-सतना के रास्ते रीवा और फिर आगे जाने की सलाह दी, मगर भटकाव भरे सफर में दोनों लोग हादसे का शिकार हो गए।
Created On :   29 Jan 2022 8:56 PM IST