- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र के 31.32 लाख किसानों के...
महाराष्ट्र के 31.32 लाख किसानों के खातों में पहुंची कर्जमाफी की रकम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य सरकार द्वारा घोषित छत्रपति शिवाजी महाराज किसान सम्मान कर्जमाफी योजना के तहत अब तक 31 लाख 32 हजार किसानों के खातों में रकम जमा की जा चुकी है। योजना लागू करने के लिए बनाई गई मंत्रिमंडल की उपसमिति के अध्यक्ष और सहकारिता मंत्री सुभाष देशमुख ने मंगलवार को मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी।
12 हजार 362 करोड़ रुपए हुए जमा, राज्य सरकार का दावा
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिली 47 लाख 73 हजार अर्जियों को कर्जमाफी और प्रोत्साहन लाभ के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए करीब 23 हजार 102 करोड़ रूपए मंजूर हुए हैं। पांच फरवरी तक इनमें से 31 लाख 32 हजार खातों में 12 हजार 362 करोड़ की रकम जमा करा दी गई है। मंजूर खातों की जानकारी सुधार के बाद बैंकों के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। इसमें ऐसे चार लाख 77 हजार खातों की भी जानकारी दी गई है जो योजना के तय मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
1.75 लाख खातों की हो रही जांच
1 लाख 75 खातों की फिर से जांच की जा रही है। ऐसे 21 लाख 69 हजार खाते हैं जिनके बारे में मिली अर्जी और बैंकों में उपलब्ध जानकारी अलग-अलग है। इसकी छानबीन के लिए तालुका स्तरीय समिति गठित की गई है। पात्र और अपात्र अर्जियों के बारे में समिति छानबीन कर रही है। पात्र अपात्र अर्जियों से जुड़ी जानकारी बैंकों के पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।
31 लाख 32 हजार किसानों के खातों में पहुंची रकम
इसके अलावा कर्जमाफी के लाभ से वंचित किसानों के शिकायत के लिए भी ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि देश की सबसे बड़ी कर्जमाफी योजना को लेकर किसी तरह की आशंका न हो इसलिए मीडिया के जरिए किसानों तक लगातार सूचनाएं पहुंचाई जाए।
Created On :   6 Feb 2018 7:51 PM IST