- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जादू-टोना के संदेह में कर दी जनेऊ...
जादू-टोना के संदेह में कर दी जनेऊ बनाने वाले की हत्या

डिजिटल डेस्क जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में दुर्गा नगर भटौली में शनिवार की सुबह जनेऊ बनाने वाले 58 वर्षीय प्रीतम रैकवार की हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि जादू-टोना के शक में उसने जनेऊ बनाने वाले वृद्ध की हत्या की थी। इसी तरह कुंडम में हुई वृद्ध की हत्या की वजह भी झाड़-फूँक होना बताई जा रही है। उक्त जानकारी एक पत्रवार्ता में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने दी। उन्होंने बताया कि दुर्गा नगर भटौली में प्रीतम रैकवार की रक्तरंजिश लाश बरामद की गई थी। पास ही उसकी मोपेड क्रमांक एमपी 20 एसएम 8223 पड़ी हुई थी। जाँच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर वहाँ रहने वाले धर्मेंद्र बर्मन को पकड़कर पूछताछ की तो उसने प्रीतम की हत्या करना कबूल किया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रीतम बर्मन उसके घर के सामने से निकलता था और उसे संदेह था कि वह झाड़-फूँक करता है जिसके चलते करीब 7 वर्ष पहले उसकी पत्नी बच्चों को लेकर उसका साथ छोड़कर चली गई थी। वहीं दो वर्ष पहले उसकी माँ को लकवा मार गया था और उसका भाई भी बीमार रहता था। जिसे लेकर उसे प्रीतम पर झाड़-फूँक करने का शक था और उसने बका से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
झाड़-फूँक के चक्कर में गई जान
उधर शुक्रवार को कुंडम के ग्राम सहदरा में 65 वर्षीय किशोरी लाल यादव की हत्या कर दी गई थी। इस अंधी हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी रमेश कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंडला के ग्राम डालाखापा निवासी मृतक किशोरीलाल यादव झाड़-फूँक का काम करता था। दो वर्ष पूर्व आरोपी रमेश कुंजाम की पत्नी के बीमार होने पर झाड़-फूँक की थी। उसके बाद से उसकी पत्नी के बाल झडऩे लगे थे। आरोपी ने जब मृतक को इस बात का उलाहना दिया तो उसने उसकी शिकायत पर टाल- मटोल कर दी थी। शुक्रवार की रात मृतक कुंडम के ग्राम सहदरा में झाड़-फूँक करने आया था। इस बात की जानकारी लगने पर रमेश कुंजाम ने योजना बनाई और रास्ते में ही मृतक को रोका और उसके सिर में गंभीर वार कर उसकी हत्या कर दी।
गढ़ा हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
उधर शुक्रवार की रात आपसी रंजिश के चलते गढ़ा थाना बजरंग नगर क्षेत्र में दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल हीरामन दाहिया के पुत्र श्रीकांत दाहिया उम्र 30 वर्ष की मौत हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल था। उधर पुलिस ने इस हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। इस संबंध में बताया गया कि श्रीकांत दाहिया सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी करता था। शुक्रवार की रात वह अपने साथी रिब्बू पटेल के साथ कहीं जा रहा था। रास्ते में उसे मोनू उर्फ मान्या ठाकुर, शिब्बू और उसके साथी रवि यादव ने रोका व विवाद करते हुए हमला कर श्रीकांत और उसके साथी रिब्बू को घायल कर दिया। घायल को मेडिकल में भर्ती कराया गया था जहाँ शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों मोनू उर्फ मान्या ठाकुर व रवि यादव को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं तीसरे आरोपी शिब्बू की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Created On :   21 Aug 2022 10:55 PM IST