मैहर शारदा मंदिर की सीढ़ियों पर निकला महिला का दम

The woman died on the steps of the Maihar Sharda Temple
मैहर शारदा मंदिर की सीढ़ियों पर निकला महिला का दम
मैहर शारदा मंदिर की सीढ़ियों पर निकला महिला का दम

डिजिटल डेस्क सतना। चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन मैहर के मां शारदा मंदिर में दूर-दूर से श्रदालु दर्शन करने पहुंचे थे। इन्हीं भक्तों में रामनगर के भमरहा गांव की मुन्नीबाई वर्मा पति गिरजा प्रसाद 50 वर्ष भी शामिल थी जो अपने बेटे ऋषि कुमार ,बहू व परिवार के अन्य लोगों के साथ नाती का मुंडन कराने मंदिर गई थी। भीड़-भाड़ के चलते पूरा परिवार सीढिय़ों से ऊपर जा रहा था,इस दौरान लगभग साढ़े 12 बजे द्वितीय चक्र के पास महिला अपने परिवार से बिछड़ गई।
परिजनों से बिछ़ुड़ गई
उधर बाकी लोग आगे बढ़ गए जबकि अकेली पड़ी मुन्नीबाई सीढिय़ों पर बेसुध होकर गिर पड़ी। तभी किसी दर्शनार्थी की नजर पड़ी तो सीढिय़ों पर तैनात पुलिस कर्मियों को अवगत कराया जिसने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन पहुंच गए सतना
वहीं मुन्नीबाई वर्मा के बेटे ऋषि समेत परिजन को जब मंदिर में सबसे ऊपर पहुंचे पर उनके बिछड़ जाने का पता चला तो प्रबंध समिति के कंट्रोल रुम जाकर माइक से उद्घोषणा कराने लगे। काफी कोशिशों के बावजूद महिला से संपर्क नहीं हुआ तो पुलिस से संपर्क कर खोजबीन में जुट गए। इस दौरान किसी ने यह बता दिया कि सीढिय़ों के पास एक महिला की तबियत बिगड़ जाने पर उसे सतना ले जाया गया है। लिहाजा कुछ लोग सीधे जिला अस्पताल आ गए। तब तक सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हो चुकी थी। जिसको पढकऱ हैरान परेशान वर्मा परिवार तकरीबन 3 बजे सिविल अस्पताल मैहर पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर लाश का पोस्टमार्टम कराया। बताया गया है कि श्रीमती वर्मा के पति गिरजा प्रसाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय  कंदवारी में प्राचार्य है। माना जा रहा है कि भीड़-भाड़ में परिजन से बिछड़ जाने के कारण महिला बदहावास हो गई और हृदयगति रुकने से उनकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने तक पुलिस स्पष्ट राय देने से बच रही है। बताया गया है कि महिला के परिजन के तरह कई और लोग भी अपनों को खोजते यहां-वहां घूम रहे थे।

 

Created On :   26 March 2018 2:47 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story