- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- महिला पार्षद के घर में चोरों का...
महिला पार्षद के घर में चोरों का धावा, खाली हाथ लौटे

डिजिटल डेस्क जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित हर्षित नगर में रहने वालीं कांग्रेस की महिला पार्षद सविता संतोष दुबे के घर बीती रात चोरों ने मकान की ग्रिल काटकर धावा बोला और गृहस्थी का सामान तहस-नहस करते हुए खाली हाथ लौट गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्हें चोरों के घुसने की जानकारी लगी। इस घटना की जानकारी लगने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात चोरोंं की पतासाजी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार पार्षद पति कांग्रेस नेता संतोष दुबे ने पुलिस को बताया कि बीती रात 12 बजे के करीब परिवार के सभी सदस्य भोजन आदि करने के बाद सो गए थे। सुबह सोकर उठे तो देखा कि कमरों में गृहस्थी का सामान बिखरा हुआ पड़ा था। आशंका होने पर खिड़की, दरवाजों की जाँच की तो पता चला कि मकान के पास बनी दीवार फाँदकर अंदर घुसे अज्ञात चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटी और मकान के अंदर प्रवेश कर कमरों में रखा गृहस्थी का सामान व आलमारी उलट-पलट कर दी। घर में घुसे चोरों को जब नकदी और जेवर नहीं मिले तो वे दरवाजे को तोड़कर भाग गए। चोरों ने इतने शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जिसकी भनक परिजनों को नहीं लग सकी और न ही उनकी नींद खुली। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की पतासाजी के प्रयास शुरू किए हैं।
Created On :   1 March 2020 9:48 PM IST