100 किमी दूर से पकड़वाया अपने घर में घुसे चोरों को, सिक्योरिटी सिस्टम का कमाल

thieves caught from 100 km distance due to security system
100 किमी दूर से पकड़वाया अपने घर में घुसे चोरों को, सिक्योरिटी सिस्टम का कमाल
100 किमी दूर से पकड़वाया अपने घर में घुसे चोरों को, सिक्योरिटी सिस्टम का कमाल

डिजिटल डेस्क  जबलपुर । राजुल टाउनशिप निवासी हिमांशु झारिया के घर में 10 मई को चोरी हुई थी। चोरी होने के बाद उन्होंने अपने घर पर सिक्योरिटी सिस्टम लगवा लिया। मंगलवार - बुधवार की दरमियानी रात को वह अपने घर पर ताला लगाकर रिश्तेदार के घर नरसिंहपुर गए। रात 2.34 बजे चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। ताला टूटते ही मकान मालिक को कॉल आया। मकान मालिक ने तत्काल पड़ोसियों और पुलिस को फोन लगाया। इसके बाद चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। सिक्योरिटी सिस्टम की मदद से शहर में चोर पकडऩे का पहला मामला सामने आया है।
तिलहरी स्थित राजुल टाउनशिप में रहने वाले पोल्ट्री व्यवसायी हिमांशु झारिया ने बताया कि उनके घर पर 10 मई को चोरी हुई थी। चोर उनके घर से तीन लाख रुपए के जेवर चोरी कर ले गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने घर में सिक्योरिटी सिस्टम लगवा दिया। 7 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ नरसिंहपुर में रिश्तेदार के घर गए थे। रात लगभग 2.34 बजे उनके पास सिक्योरिटी कॉल आई। सिक्योरिटी कॉल आने के बाद उन्होंने सबसे पहले अपने पड़ोसियों को फोन लगाया। पड़ोसियों ने बताया कि उनके घर के अंदर से आवाज आ रही है। उन्होंने पड़ोसियों को घर पर नजर रखने को कहा। इसके बाद पुलिस को फोन किया। पड़ोसियों ने उनके घर को घेर लिया। 15 मिनट के अंदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
जनता ने की धुनाई- तहजीब और रफत अली को रंगे हाथ चोरी करते पकडऩे के बाद जनता ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस के सामने ही जनता ने दोनों चोरों को मारा। इसके बाद पुलिस आरोपियों को थाने ले गई। रात भर चली पूछताछ में पुलिस आरोपियों से कुछ भी नहीं उगलवा पाई।
यूपी से आते थे चोरी करने - पुलिस ने बताया कि युवकों ने अपना नाम तहजीब खान 24 वर्ष और रफत अली 27 वर्ष बताया। दोनों असराला अलापुरा बदायूं यूपी के रहने वाले हैं। वे यहां आकर चोरी किया करते थे। उनके पास से चोरी में उपयोग किए जाने वाली रॉड, छैनी और हथौड़ी भी मिली है। युवकों ने पुलिस को अभी यह नहीं बताया है कि उन्होंने शहर में किस-किस जगह चोरी की थी।
लॉज में रुका करते थे आरोपी
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिवशक्ति लॉज में रुका करते थे। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह यूपी भाग जाते थे। आरोपी केवल जेवर और नकदी ही चोरी किया करते थे।
बाइक से करते थे रेकी
तहजीब और रफत अली ने जबलपुर में एक बाइक क्रमांक-एमपी-20-एमएल-4655 खरीदकर रखी थी। वह दिन में बाइक से घूमकर रेकी किया करते थे। दिन में जिस घर में ताला लगा देखते थे। रात में उस घर को निशाना बनाया करते थे। वह अपने आप को गुड़ व्यापारी बताया करते थे।

 

Created On :   9 Nov 2017 7:42 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story