- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- टॉप 20 फार्मूला: 26 दिन में बड़े...
टॉप 20 फार्मूला: 26 दिन में बड़े बकाएदारों से करो डेढ़ करोड़ की वसूली

डिजिटल डेस्क सतना। पूर्वी क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सतना सर्किल के सभी 5 संभागों में टॉप-20 फार्मूले के तहत बड़े बकाएदारों से 26 दिन के अंदर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के बकाया बिल की वसूली की जाएगी। शनिवार को प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग संजय दुबे ने राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि वे हर संभाग के 20-20 बड़े बकाएदारों से रिकवरी सुनिश्चित कराएं। बैठक में जानकारी दी गई कि अगर 100 करोड़ के होल्ड बिल छोड़ दें तो मौजूदा समय में सर्किल में साढ़े 138 करोड़ के बिल बकाया हैं। इनमें 85 करोड़ के बिजली बिल घरेलू उपभोक्ताओं , 50 करोड़ के बिल कृषि पंप उपभोक्ताओं ,3 करोड़ के कमर्शियल कंज्यूमर और डेढ़ करोड़ के बिल इंडस्ट्रीयल उपभोक्ताओं पर शेष हैं। बैठक में एमडी वी किरण गोपाल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, जिला पंचायत के सीईओ संजयराव झाड़े, चीफ इंजीनियर देवेन्द्र कुमार,अधीक्षण अभियंता जीडी त्रिपाठी और अपर कलेक्टर राजेश शाही भी मौजूद थे।
हर माह 10 फीसदी लाइन लास कम करने की हिदायत-
प्रमुख सचिव ऊर्जा ने जिले में हर माह हो रही 40 प्रतिशत ऊर्जा क्षति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हर माह लाइन लास में 10 फीसदी गिरावट तय की जानी चाहिए। समीक्षा में पाया गया कि नागौद डिवीजन में ट्रांसफार्मर फेलुअर की गति 8 प्रतिशत है। इसे घटाकर 5 प्रतिशत पर लाने की भी हिदायत दी गई। बैठक में धारा 126, 135 और 138 के तहत दर्ज प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
विजिलेंस ने पकड़ी चोरी तो जेई होंगे जिम्मेदार-
प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे नेबैठक में स्पष्ट किया कि अगर टेंपरिंग, मीटर से छेडख़ानी और बिजली चोरी के प्रकरण विजिलेंस ने पकड़े तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के एई और जेई जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि कटिया फंसाकर बिजली की चोरी की कोशिशों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए। श्री दुबे ने सतत निगरानी के भी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री भी समय-समय पर क्षेत्र का भ्रमण कर मॉनिटरिंग करें।
नजीराबाद में गलियों का औचक निरीक्षण-
प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे और एमडी वी किरण गोपाल ने सतना प्रवास के दौरान नजीराबाद की गलियों का औचक निरीक्षण भी किया। उपभोक्ताओं के कनेक्शन और मीटर स्वयं चेक किए। उन्होंने लाइन कनेक्शन, मीटर से सप्लाई कनेक्शन और विद्युत देयक से मीटर की रीडिंग का मिलान परीक्षण भी किया। प्रमुख सचिव ऊर्जा ने स्वयं देखा कि कई ट्रांसफार्मरों का मेंटीनेंस ठीक से नहीं किया गया है। लूज वायर और तारों के किनारे लग्ज भी लगे नहीं पाए गए। उन्होंने डिवीजनल अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी भी दी।
Created On :   5 Sept 2021 4:59 PM IST