श्रमिकों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी, 14 घायल

साइडिंगं में ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा श्रमिकों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी, 14 घायल

डिजिटल डेस्क सतना। कोलगवां थाना अंतर्गत साइडिंग में चालक की लापरवाही से मजदूरों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से 14 की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि बारीकला गांव से लगभग 40 महिला-पुरूष हमेशा की तरह भल्ला फार्म की आर्गेनिक खाद फैक्ट्री में काम करने के लिए रविवार सुबह कंपनी के ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से नईबस्ती आ रहे थे। तकरीबन 9 बजे साइडिंग के पास खाई में चालक की लापरवाही से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिससे कई लोग नीचे दब गए। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस की मदद से जिला अस्पताल के लिए रवाना किया तो वहीं उनके इलाज की समुचित व्यवस्था कराने के लिए सीएसपी महेन्द्र सिंह चौहान और नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह समेत पुलिस बल भी अस्पताल पहुंच गया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को भर्ती कर लिया गया, वहीं अन्य को छुट्टी दे दी गई। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ट्रैक्टर में दो ड्राइवर थे और दोनों ड्राइविंग सीट पर बैठे थे। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इनको लाया गया अस्पताल-
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी कोल पति राजाभइया 40 वर्ष, प्यारी कोल पति प्रेमलाल 30 वर्ष, जानकी साकेत पति सुग्रीव 45 वर्ष, रूबी कोल पुत्री विजय लाल 16 वर्ष, पूजा चौधरी पुत्री सोमनाथ 22 वर्ष, रंजना साकेत पुत्री शोभनाथ 19 वर्ष, प्रेमलाल पुत्र सहाई साकेत 60 वर्ष, पूनम कोल पुत्री विनोद 18 वर्ष, सुशीला कोल पुत्री भोले 18 वर्ष, आंचल पुत्री कौशल कोल 18 वर्ष, राजकुमारी कोल पति लालभाई 36 वर्ष और संजना साकेत पुत्री शोभनाथ 18 वर्ष, निवासी बारीकला तथा अवधेश सिंह पुत्र कमला सिंह 40 वर्ष, निवासी पुरैनी, को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Created On :   5 Feb 2023 3:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story