- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- अर्थनिधी घोटाले में पकड़ाए गए दो और...
अर्थनिधी घोटाले में पकड़ाए गए दो और आरोपी

डिजिटल डेस्क, सिवनी। डूंडासिवनी पुलिस ने अर्थनिधि घोटाला मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह घोटाला तकरीबन चार करोड़ रूपए से अधिक का है। लोगों को दूसरे बैंकों और योजनाओं की तुलना में शीघ्र धन दोगुना किए जाने का लालच देकर करोड़ो रुपए जमा करा लिए गए थे, और फिर आरोपी राशि लेकर फरार हो गए थे। मामले में पहले भी गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
क्या था घोटाला-
जिले में अर्थनिधी चिटफंड कंपनी के नाम से एक कार्यालय 2016 में खोली गई थी जिसका मुख्यालय सिवनी में था। इसके अलावा इसकी दूसरी ब्रांचे छपारा, गोपालगंज, घंसौर, उगली और दूसरे स्थानों में थीं। कम समय में अधिक राशि का लालच देकर बड़ी रकम निवेशकों से जमा कराई गई थी। अबतक तीन सैकड़ा ऐसे लोग सामने आ चुके हैं जिन्होंने कंपनी पर उनकी मेहनत की राशि हड़पने का आरोप लगाया है।
दो साल पहले हुई थी शिकायत-
दो दिसंबर 20 को इस मामले में शिकायत होने पर थाना डूंडासिवनी में धारा 420, 409, 467, ताहि एवं 3(4),4 मप्र ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। जिसमें संचालक अशोक चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब पुलिस ने फरार गोपाल यादव और कृष्ण कुमार भलावी को गिरफ्तार किया है। गोपाल यादव को ग्वालियर से कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। गोपाल का कहना है कि वह कंपनी काफी पहले छोड़ चुका था। वहीं भलावी के खिलाफ दस लाख रुपए गबन के साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फिलहाल गोपाल बघेल, संतोष सनोडिया और दो अन्य आरोपी इस मामले में फरार हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
एएसपी, श्याम कुमार मरावी का कहना है कि दो आरोपियों को अर्थनिधि मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
Created On :   29 April 2022 2:30 PM IST