- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- यूके रिटर्न 8 नए यात्रियों की कोविड...
यूके रिटर्न 8 नए यात्रियों की कोविड सैम्पलिंग, बांधवगढ़ से लौटे युवक की भी जाँच

डिजिटल डेस्क जबलपुर । स्वास्थ्य विभाग को यूनाइटेड किंगडम से जबलपुर आए यात्रियों की नई लिस्ट मिली है। इस सूची में 12 यात्रियों के नाम हैं, जो पिछले 1 माह में यूके से भारत लौटे हैं। नई लिस्ट मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और यात्रियों के दिए गए पते के आधार पर ट्रेस करना शुरू कर दिया। इस दौरान टीम को पता चला कि 12 में 4 यात्री जबलपुर आए ही नहीं। दिल्ली उतरने के बाद 3 यात्री देहरादून निकल गए, वहीं 1 यात्री की जानकारी नहीं मिल सकी। शेष 8 यात्रियों के साथ उनके घर के सदस्यों की भी कोविड जाँच की गई, जिसमें सभी का रेपिड टेस्ट निगेटिव है। वहीं पूर्व में मिली 41 यात्रियों की सूची में से लालमाटी निवासी 29 वर्षीय युवक के बांधवगढ़ जाने के कारण टीम को उससे सम्पर्क करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। युवक ने बांधवगढ़ से लौटकर रविवार को कोविड जाँच कराई।
रेपिड के साथ आरटीपीसीआर जाँच भी
यूनाइटेड किंगडम से लौटे यात्रियों में कोरोना के दूसरे स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों के परिवारजनों की भी जाँच कराई जा रही है। विक्टोरिया हॉस्पिटल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन ने बताया कि नई लिस्ट के 8 यात्रियों की रेपिड के साथ आरटीपीसीआर जाँच भी कराई गई है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। एहतियातन सभी को घर पर ही रहने कहा गया है।
Created On :   28 Dec 2020 2:22 PM IST