- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- फ्लाईओवर के ऊपर से नजर आएगा अनोखा...
फ्लाईओवर के ऊपर से नजर आएगा अनोखा नजारा, शहर के सबसे खूबसूरत चौराहों में से एक होगा मदन महल चौक

कार्रवाई -हटने लगा पेट्रोल पंप, मजदूर स्मारक भी जल्द होगा शिफ्ट
डिजिटल डेस्क जबलपुर । दमोहनाका-मदन महल फ्लाईओवर को रास्ता देने के लिए मदन महल चौक पर स्थित पेट्रोल पम्प को हटाना शुरू कर दिया गया है। इसके साथ जल्द ही कारीगरी के शानदार नमूने यानी मजदूरों की प्रतिमा को भी हटाकर कुछ दिनों के लिए उसे शिफ्ट किया जाएगा। यह प्रतिमा मजदूरों की मेहनत को प्रमाणित करती है और यही कारण है कि कई बार लोग श्रमिकों के आदर में यहाँ सिर भी झुका लेते हैं। फ्लाईओवर में तिराहा बनाया जाएगा और उस तिराहे को इस प्रकार डिजाइन किया जा रहा है जिससे नीचे का नजारा गोलाई में दिखेगा जहाँ ग्रिल लगाई जाएगी। मदन महल चौक पर वर्षों से यातायात के लिए समस्या बने पेट्रोल पम्प को हटाने के लिए कई बार नगर निगम ने प्रयास किए, लेकिन उसमें सफलता हासिल नहीं हुई। अब जबकि फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो चुका है ऐसे में न्यायालय के आदेश पर पेट्रोल पम्प को हटाने का निर्णय लिया गया और मंगलवार से यह कार्य शुरू हो चुका है। पेट्रोल पम्प का निर्माण काफी बड़े एरिया में किया गया था जिसके कारण अक्सर यहाँ जाम लगता था।
दोनों ओर उतरेगी सड़क
रानीताल की ओर से आ रहे फ्लाईओवर की एक सड़क महानद्दा की ओर जबकि दूसरी मेडिकल की ओर उतरेगी जिससे ऊपर तिराहा बनेगा। यह तिराहा नए तरीके से बनाया जाएगा जिसमें ग्रिल लगाकर नीचे का हिस्सा खाली छोड़ा जाएगा। यानी ऊपर से नीचे का भी नजारा दिखेगा।
प्रतिमा को कुछ दिनों बाद फिर लगाया जाएगा
मजदूरों की प्रतिमा को कुछ दिनों के लिए शिफ्ट किया जाएगा। जब फ्लाईओवर का काम पूरा हो जाएगा और नीचे भी सड़क को व्यवस्थित किया जाएगा। उस समय चौराहे का निर्माण कराया जाएगा, ताकि मजदूरों की प्रतिमा को बेहतर तरीके से लगाया जा सके।
Created On :   7 April 2021 2:56 PM IST