- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी ठोकर,...
अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी ठोकर, आयुष चिकित्सक की मौत

डिजिटल डेस्क,सतना। नागौद थाना अंतर्गत छींदा मोड़ पर अज्ञात वाहन की ठोकर लगने से आयुष चिकित्सक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि डॉ.धर्मेन्द्र किशोर बाजपेयी पुत्र धीरेन्द्र किशोर बाजपेयी 37 वर्ष, (निवासी ग्वालियर, हाल निशांत विहार कॉलोनी,थाना कोतवाली) सोमवार रात को ड्यूटी के बाद अपने मित्र डॉ.विनोद प्रजापति के जुड़वा बेटों की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद स्कूटी से सतना लौट रहे थे।
इस दौरान लगभग 11 बजे सितपुरा-छींदा मोड़ के पास पहुंचते ही कोई अज्ञात वाहन ठोकर मारकर भाग निकला, जिससे डॉक्टर बाजपेयी गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर बाद पीछे से आए लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें नागौद अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन ग्वालियर चले गए।
डेढ़ साल से नागौद में थी पोस्टिंग,पत्नी भी आयुष चिकित्सक
डॉ.धर्मेन्द्र किशोर बाजपेयी बीते डेढ़ साल से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नागौद अस्पताल में कार्यरत थे। उनकी पत्नी डॉ.पूनम पांडेय बाजपेयी भी आयुष चिकित्सक हैं और वर्तमान समय पर जिला आयुर्वेद अस्पताल में पदस्थ हैं। डॉक्टर दम्पति का 5 साल का बेटा अलख भी उनके साथ रहता है। बताया गया है कि डॉक्टर बाजपेयी की ससुराल अमरपाटन के कठहा गांव में है। दुर्घटना की सूचना पर ग्वालियर से भी उनके परिजन नागौद आ गए थे। जिले के चिकित्सा जगत में इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई है।
Created On :   8 Nov 2022 7:19 PM IST