परिवहन मंत्री परब के निर्देश पर काम कर रही थी पुलिस, अब दरेकर के नेतृत्व में जारी रहेगी जन आशीर्वाद यात्रा

Video, Ratnagiri police was working under instructions of Transport Minister Parab
परिवहन मंत्री परब के निर्देश पर काम कर रही थी पुलिस, अब दरेकर के नेतृत्व में जारी रहेगी जन आशीर्वाद यात्रा
खाना भी नहीं खा सके थे राणे  परिवहन मंत्री परब के निर्देश पर काम कर रही थी पुलिस, अब दरेकर के नेतृत्व में जारी रहेगी जन आशीर्वाद यात्रा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान रत्नागिरी के पुलिस अधिकारी लगातार प्रदेश के परिवहन मंत्री तथा जिले के पालक मंत्री अनिल परब से संपर्क में थे। पुलिस अधिकारी रत्नागिरी के संगमेश्वर में राणे को गिरफ्तार के लिए पहुंचे, तो भाजपा नेताओं ने उनसे गिरफ्तारी वारंट दिखाने की मांग कर दी। भाजपा नेता प्रमोद जठार व राणे के बेट पूर्व सांसद निलेश राणे गिरफ्तारी वारंट दिखाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस अफसरों ने परब को फोन लगाया। परब भी रत्नागिरी में जिला नियोजन समिति की बैठक के लिए मौजूद थे। परब ने फोन करने वाले पुलिस अधिकारी से पूछा कि ‘राणे कौन सा ऑर्डर मांग रहे हैं। सेशन कोर्ट और हाईकोर्ट ने उनके आवेदन को खारिज कर दिया।’ परब ने कहा कि ‘पुलिस फोर्स का इस्तेमाल करके वो करिए।’ दूसरी ओर से कहा गया कि ‘समय लग सकता है।’ इस पर परब ने कहा कि ‘समय लगेगा कि तब तक उनकी कोर्टबाजी शुरू रहेगी।’

खाना भी नहीं खा सके राणे 

दूसरी ओर से भाजपा विधायक प्रसाद लाड ने आरोप लगाया कि संगमेश्वर में पुलिस ने राणे को भोजन करने नहीं दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। लाड ने ट्वीटर पर एक वीडियो साझा किया है वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राणे पुलिस अधिकारियों के आने पर भोजन की थाली लिए खड़े हो गए। राणे के आगे खड़े नीलेश राणे पुलिस अधिकारियों से पूछ रहे हैं कि ‘आप लोग कमरे में कैसे आ गए। आप लोग ऑर्डर दिखाइए। आप लोग साहब को हाथ नहीं लगा सकते।’ 

जमानत के बाद जारी रहेगी यात्रा 

बाद में भाजपा विधायक लाड और नीतेश राणे संगमेश्वर पुलिस स्टेशन में जमीन पर बैठकर हंगामा करने लगे। वहां नीलेश राणे पुलिसवालों से पूछते हुए नजर आए कि राणे को कौन सी धारा के तहत गिरफ्तार किया गया है? दूसरी ओर भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा के प्रमुख प्रमोद जठार ने कहा कि राणे को जमानत मिलने तक यात्रा पर रोक रहेगी। लेकिन यह यात्रा अब आंदोलन में बदल गई है। राणे को जमानत मिलने के बाद यात्रा को आगे जारी रखा जाएगा। 

विपक्ष के नेता दरेकर के नेतृत्व में जारी रहेगी जन आशीर्वाद यात्रा

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर के नेतृत्व में जारी रहेगी। दरेकर रत्नागिरी से यात्रा को जारी रखेंगे। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। फडणवीस ने कहा कि पुलिस ने राणे को गिरफ्तार किया है। लेकिन भाजपा की यात्रा को नहीं रोका जाएगा। भाजपा नेता दरेकर, भाजपा विधायक आशीष शेलार और भाजपा विधायक रवींद्र चव्हाण के नेतृत्व में यात्रा को पूरा किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि सरकार पुलिस के बल पर यात्रा को रोक नहीं सकती है। 
 

Created On :   24 Aug 2021 2:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story