- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में साथ...
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में साथ नजर आएंगे योगी, फडणवीस और राम नाईक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह मुंबई के सांताक्रूज इलाके में 24 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल रामनाईक और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान अभिनेता रवि किशन के सामाजिक कार्यों और भोजपुरी फिल्मों के गायक -अभिनेता दिनेशलाल यादव निरहुआ की कला को सम्मानित किया जायेगा। रवि को उत्तरप्रदेश गौरव सम्मान व निरहुआ को नाजिर हुसैन स्मृति उत्तर कलाश्री सम्मान जबकि वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र को डॉ. राममनोहर त्रिपाठी स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा। महाराष्ट्र के राज्यमंत्री व अभियान संस्था के संस्थापक अमरजीत मिश्र ने यह जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" अभियान के तहत उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र सरकार के बीच हुए अनुबंध के आधार पर सांस्कृतिक आदान प्रदान के लिए इस तरह के आयोजन हो रहे हैं। इससे पहले उत्तरप्रदेश में मराठी गीतों के कार्यक्रम हो चुके हैं। मिश्र ने बताया कि हिंदी मराठी भाषा में पारंगत रहे डॉ त्रिपाठी के नाम पर अभियान एक सम्मान प्रदान करता है। हिंदी भाषियों और हिंदी साहित्य -पत्रकारिता में सर्वाधिक लोकप्रिय रहे स्वर्गीय डॉ त्रिपाठी की तरह ही विमल मिश्र की लेखनी भी भाषा और संस्कृति के रक्षण के समर्थन मे चलती रहती है।
अभियान के संस्थापक अध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने बताया कि गुरुवार 24 जनवरी, शाम 5 बजे उत्तरप्रदेश स्थापना दिन के अवसर पर सांताक्रुज के लायंस क्लब ग्राउंड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में कई चुनिंदा हस्तियों का सम्मान होगा। अभियान के पदाधिकारी रह चुके कर्मठ युवा कार्यकर्ता स्व राजेश मिश्र की स्मृति में दिया जाने वाला युवा पत्रकार सम्मान इस वर्ष राजकुमार सिंह को दिया जायेगा।
लेखिका शशिकला राय को धर्मवीर भारती स्मृति उत्तर साहित्यश्री , यूपी मे कई विद्यालयों की स्थापना करने वाले डॉ एल आर यादव को प्राचार्य इन्द्रबहादुर सिंह स्मृति उत्तर शिक्षाश्री,मथुरा के राजेन्द्र चतुर्वेदी को बांकेराम तिवारी स्मृति उत्तर समाजश्री व ऑस्कर टीवी के मालिक आनंद सिंह को बाबू नाहर सिंह स्मृति उत्तर उद्योगश्री सम्मान भी प्रदान किया जायेगा। इस अवसर पर भोजपुरी की लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी के गीतों की जबर्दस्त प्रस्तुति होगी। मुंबई में पिछले 31 वर्षों से सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था अभियान द्वारा "उत्तरप्रदेश स्थापना दिवस" मनाया जाता है। इस लोक महोत्सव में लोकगायक सुरेश शुक्ल, मशहूर गायक इंद्रजीत यादव व राधा मौर्य अपनी गायिकी की छटा बिखेरेंगे।
Created On :   20 Jan 2019 5:56 PM IST