भाजपा-कांग्रेस को हुआ फायदा-घाटे में रही शिवसेना, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी 

Zila Parishad by-election - BJP-Congress benefited - Shiv Sena was in loss, BJP is the largest party
भाजपा-कांग्रेस को हुआ फायदा-घाटे में रही शिवसेना, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी 
जिला परिषद उप चुनाव भाजपा-कांग्रेस को हुआ फायदा-घाटे में रही शिवसेना, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में बैगर ओबीसी आरक्षण के 6 जिला परिषद की 85 सीटों और उसके अंतर्गत आने वाली 38 पंचायत समितियों की 144 सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम बुधवार को घोषित हुए। उपचुनाव में 85 सीटों में से 22  सीटें जीतकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि भाजपा को अपने गढ़ नागपुर में नुकसान उठाना पड़ा है। प्रदेश में सत्ताधारी महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों में से कांग्रेस और राकांपा का प्रदर्शन शानदार रहा है। जबकि शिवसेना तीसरे स्थान पर रही।  जिला परिषद उपचुनाव की 85 सीटों में से कांग्रेस को 19 सीटें, राकांपा को 15 सीटें और शिवसेना को 12 सीटें मिली हैं। राज्य में पंजीकृत दलों को 12 सीटें, निर्दलियों को 4 और सीपीआईएम को 1 सीट पर जीत मिली है। महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों ने मिलाकर कुल 46 सीटों पर कब्जा जमाया है। हालांकि जिला परिषद और पंचायत समितियों के उपचुनाव में महाविकास आघाड़ी के दलों का पूरा गठबंधन नहीं था। किसी जिले में कांग्रेस और राकांपा तो किसी जिले में राकांपा और शिवसेना तो कहीं पर तीनों दलों ने एक तालमेल के समझौते के तहत उम्मीदवारों को उतारने का फैसला किया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा ओबीसी का राजनीतिक आरक्षण रद्द करने के फैसले के बाद राज्य चुनाव आयोग ने यह उपचुनाव घोषित किया था। उपचुनाव के लिए मंगलवार को वोटिंग हुई थी।

नागपुर में कांग्रेस ने फिर दिखाया दम

नागपुर जिला परिषद की 16 सीटों में से कांग्रेस को सबसे अधिक 9 सीटें, राकांपा को 2 और राज्य में पंजीकृत छोटे दलों को 2 सीटें मिली हैं। जबकि भाजपा को केवल 3 सीटों पर जीत मिल सकी। यहां भाजपा अपना पुराना प्रदर्शन भी बरकरार नहीं रख पाई। वहीं शिवसेना का नागपुर जिला परिषद उपचुनाव में खाता भी नहीं खुल सका। उपचुनाव परिणाम के बाद नागपुर जिला परिषद में कांग्रेस के नेतृत्व में राकांपा और शेकाप की सत्ता बरकार रहेगी। नागपुर जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में कांग्रेस के प्रचार की कमान प्रदेश के पशुसंवर्धन व दुग्धविकास मंत्री सुनील केदार के हाथों में थी। केदार ने दमदार तरीके से प्रचार कर पार्टी को कामयाबी दिलाई है। दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट के ओबीसी आरक्षण को रद्द करने के बाद प्रदेश भाजपा के महासचिव तथा पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आक्रामक तरीके से प्रचार किया था। लेकिन भाजपा के गढ़ माने जाने वाले नागपुर में बावनकुले कोई करिश्मा नहीं कर पाए।

धुलिया में भाजपा को बड़ी सफलता

धुलिया जिला परिषद उपचुनाव की 15 सीटों में से भाजपा को सबसे अधिक 8 सीटें मिली हैं। जबकि कांग्रेस को 2, राकांपा को 3 और शिवसेना को 2 सीटें मिली हैं। धुलिया में भाजपा विधायक अमरिश पटेल ने अपने क्षेत्र शिरपुर में एक बार फिर अपना वर्चस्व दिखाया है। उपचुनाव में मिली सफलता के बाद धुलिया जिला परिषद में भाजपा सत्ता में बनी रहेगी।

नंदूरबार में भाजपा को झटका

नंदूरबार जिला परिषद उपचुनाव की 11 सीटों में से भाजपा को 4 सीटें मिली हैं। जबकि कांग्रेस को 3, शिवसेना को 3 और राकांपा को 1 सीट पर सफलता मिली। उपचुनाव में भाजपा की पहले की तुलना में 3 सीटें कम हो गई हैं। उपचुनाव के बाद नंदूरबार जिला परिषद में कांग्रेस-शिवसेना की सत्ता कायम रहेगी।    

अकोला में छोटे दलों का महत्व बढ़ा

अकोला जिला परिषद उपचुनाव की 14 सीटों में 7 सीटों पर प्रकाश आंबेडकर के वंचित बहुजन आघाड़ी समेत छोटे दलों ने कब्जा जमाया है। जबकि राकांपा को 2 सीटें, कांग्रेस को 1 सीट और शिवसेना को 1 सीट मिली है। वहीं भाजपा को 1 सीट पर जीत मिली है। निर्दलियों ने 2 सीटों पर कब्जा जमाया है। उपचुनाव के बाद अकोला जिला परिषद में वंचित बहुजन आघाड़ी के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती होगी।

वाशिम में कांग्रेस ने जीती सबसे अधिक सीटें

वाशिम जिला परिषद उपचुनाव की 14 सीटों में से कांग्रेस को सबसे अधिक 4 सीटें मिली हैं। जबकि राकांपा को 3 सीटें और शिवसेना को 1 सीट मिली है। वहीं भाजपा को 2 और राज्य में पंजीकृत दलों को 3 और निर्दलियों को 1 सीट मिली है।

पालघर में शिवसेना सबसे आगे  

पालघर जिला परिषद उपचुनाव में 15 सीटों में से शिवसेना को सबसे अधिक 5 सीटें मिली हैं। राकांपा ने 4 और सीपीएम ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है। जबकि भाजपा को 4 सीटें और 1 सीट पर निर्दलीय ने कब्जा जमाया है। पालघर में भाजपा और मनसे के गठबंधन का प्रयोग विफल रहा है। 

जिप चुनाव परिणामः     एक नजर में   

कुल सीटें                      85
भाजपा                         22  
कांग्रेस                         19
राकांपा                        15
शिवसेना                      12
वंचित बहुजन आघाडी    07
सीपीई-एम                   01
निर्दलिय व अन्य          09                
  

जिला परिषद चुनाव में
दलीय स्थिति

नागपुर (16)     

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा   अन्य        

  03         0           09      02         02

 

धुले (15)

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा   अन्य        

   08        02           02       03      0

 

नंदूरबार (11) 

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा
  अन्य        

 04         03           03       01 

 

अकोला (14)

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा   वबआ  अन्य      

01         01             01       02       07      02

 

वाशिम (14)

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा   अन्य        

02          01           04       03        04

 

पालघर (15)

भाजपा    शिवसेना    कांग्रेस   राकांपा   अन्य  

04         05            0         04       02

 

पंचायत समिति चुनाव परिणाम

कुल सीट    144

भाजपा              33                  

कांग्रेस              36     

शिवसेना            23

राकांपा              18   

मनसे                01

निर्दलिय अन्य     33                

 

Created On :   7 Oct 2021 11:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story