- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- उस्मानाबाद
- /
- तेंदुए के हमले में बच्ची की दर्दनाक...
Ahilyanagar News: तेंदुए के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत, गुस्साई भीड़ ने किया रास्ता रोको आंदोलन

- वन अधिकारी पर भड़के भाजपा नेता विवेक कोल्हे
- तेंदुए के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत
- नांदगांव तहसील से गन्ना कटाई के लिए कोपरगांव आया था
Ahilyanagar News. कोपरगांव तहसील के टाकली शिवहर गांव में बुधवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय नंदिनी प्रेमदास चव्हाण पर तेंदुए ने हमला कर उसे उठा ले गया। इस हमले में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नगर–मनमाड हाईवे पर धरना प्रदर्शन कर रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात करीब दो घंटे तक ठप रहा। मौके पर पहुंचे भाजपा युवा नेता विवेक कोल्हे ने वन अधिकारियों से कड़ी नाराज़गी जताते हुए जवाब मांगा। उन्होंने कहा, “इतने तेंदुए गांवों में घूम रहे हैं, लेकिन आपने कितने जागरूकता कार्यक्रम चलाए? गिट्टी के ट्रैक्टर पकड़ने और वसूली करने का समय तो है, पर लोगों की सुरक्षा के लिए जागरूकता क्यों नहीं?” कोल्हे ने यह कहते हुए कोपरगांव के प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी निलेश रोडे को जमकर फटकार लगाई।
नांदगांव तहसील से गन्ना कटाई के लिए कोपरगांव आया था
मिली जानकारी के अनुसार, चव्हाण परिवार नांदगांव तहसील से गन्ना कटाई के लिए कोपरगांव आया था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिर्डी के पुलिस उपाधीक्षक अमोल भारती तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ शिर्डी पुलिस का बड़ा दस्ता भी मौजूद था। तहसीलदार महेश सावंत, कोपरगांव शहर पुलिस निरीक्षक रामकृष्ण कुंभार और तालुका पुलिस निरीक्षक संदीप कोली सहित पूरे पुलिस, राजस्व और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से संवाद किया।
यह भी पढ़े -नए ग्रुप ने मारी बाजी वर्चस्व वाले भी पिछड़े , मौदा, रामटेक के रेत घाट 18-18 करोड़ में नीलाम
जल्द ही आदमखोर तेंदुए को पकड़ने का आश्वासन दिया
लगातार बातचीत के बाद, वन विभाग की ओर से जल्द ही आदमखोर तेंदुए को पकड़ने का आश्वासन दिए जाने पर आंदोलन समाप्त कर दिया गया। गुरुवार सुबह से वन विभाग ने तेंदुए की तलाश का अभियान शुरू कर दिया है।
Created On :   6 Nov 2025 7:12 PM IST













