Panna News: आबकारी विभाग की अनदेखी, सूचना के बाद भी रातभर संचातिल हो रही शराब दुकान

आबकारी विभाग की अनदेखी, सूचना के बाद भी रातभर संचातिल हो रही शराब दुकान
रैपुरा स्थित शराब दुकान में निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक बिक्री जारी रहने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 22 अप्रैल की रात करीब 2 बजे का वीडियो सामने आने के बाद 24 अप्रैल को इसकी सूचना जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य को दी गई थी।

Panna News: रैपुरा स्थित शराब दुकान में निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक बिक्री जारी रहने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 22 अप्रैल की रात करीब 2 बजे का वीडियो सामने आने के बाद 24 अप्रैल को इसकी सूचना जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य को दी गई थी। अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया था लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान आज भी रोजाना रात 12 बजे के बाद तक खुली रहती है। इतना ही नहीं देर रात बिक्री के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जो नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं।

ताजा वीडियो 6 और 7 मई 2026 की रात 12 बजे का है जब शराब दुकान की शटर के नीचे से कुछ लोग शराब लेते नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बार जिला आबकारी अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रात में शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में अव्यवस्था और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है और युवाओं पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है या फिर नियमों की अनदेखी इसी तरह जारी रहेगी।


Created On :   8 May 2026 4:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story