Panna News: सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर सहित दस आंदोलनकारी गिरफ्तार

सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर सहित दस आंदोलनकारी गिरफ्तार
पन्ना जिले की पुलिस द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता एवं जय किसान संगठन के नेता अमित भटनागर को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। श्री भटनागर की गिरफ्तारी पुलिस टीम द्वारा छतरपुर के बिजावर क्षेत्र से किए जाने की जानकारी सामने आई है।

Panna News: पन्ना जिले की पुलिस द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता एवं जय किसान संगठन के नेता अमित भटनागर को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। श्री भटनागर की गिरफ्तारी पुलिस टीम द्वारा छतरपुर के बिजावर क्षेत्र से किए जाने की जानकारी सामने आई है। अमित भटनागर की गिरफ्तारी के बाद कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पुलिस उन्हें पन्ना लेकर पहुंची तथा अजयगढ़ स्थित जेएमएफसी कोर्ट अजयगढ़ में पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने की कार्यवाही की गई। सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी अजयगढ़ थाना में मझगांय डेम परियोजना के कार्य को बाधित करने कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, एवं बलवा करने के मामले में थाने में दर्ज बीएनएस की धाराओं 296बी, 115(2), 119(1), 191(2), 190, 351(3), 61(2), 3(5) में दर्ज आपरधिक प्रकरण के मामले में की गई है। प्रकरण में श्री भटनागर सहित कुल २० लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में श्री भटनागर के अलावा ०९ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नगर निरीक्षक अजयगढ हरी सिंह ठाकुर ने बताया कि जिन १० आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है उन सभी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजे जाने की कार्यवाही की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद बडी संख्या में विस्थापित और आंदोलनकारी जिला मुख्यालय पन्ना पहुंच गए। विस्थापितों के मुद्दे को लेकर ही आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विधायक विक्रांत भूरिया आज पन्ना पहुंचे थे जब इस बात की जानकारी लगी तो सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर को पन्ना पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है तो वह जिले के स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ विस्थापित आंदोलनकारियों के बीच पहुंच गए और उनके साथ जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सभी ने एसपी कार्यालय का घेराव कर लिया और एसपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे गए। दोपहर से सैकडों की संख्या में विस्थापित आंदोलनकारी एसपी कार्यालय को घेरे हुए हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

मझगांय बांध का काम रोकने और कर्मचारियो से मारपीट करने का आरोप, २० पर केस

अजयगढ थाने में दर्ज प्रकरण की जानकारी के अनुसार मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना कन्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि बनहरीकला, कुंवरपुर, बालूपुर निवासी ग्रामीण आरोपीगण लगभग तीन माह से समय-समय पर कार्य स्थल पर आकर बांध का निर्माण कार्य बंद करा देते है हम को शासन द्वारा उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। घटना दिनांक ०४ मई को दोपहर ०३ बजे मझगांय डेम का काम चल रहा था तभी आरोपीगण मंगल यादव पिता सियाराम यादव, कमलेश पिता रजवा यादव, पैसनी पिता सुन्दरलाल यादव, लवकुश पिता गोरेलाल यादव, देशकुमार पिता संतु यादव, रामजी उर्फ रामू पिता तुलसीदास यादव सभी निवासी बहरीकला दीपक पिता रामकिशोर द्विवेदी, चंद्रहास पिता मातादीन यादव, ठाकुरदीन पिता रामदयाल यादव, शिवचरण पिता किशोरा पाल, श्रीपाल पिता तुलसी पाल, शिवलाल पिता भमना पाल, बबलू पिता राजू पाल सभी निवासी कुंवरपुर, भारत पिता नत्थू कोंदर, कमल पिता सुन्दर कोंदर, कामता पिता नत्थू अहिरवार, सीताराम पिता रामचरण अहिरवार, राजेन्द्र सिंह पिता राम सिंह यादव, केदार पिता भवानीदीन पाल सभी निवासी बालूपुर पहुंचे और विवाद करते हुए कहा कि मांग के अनुसार मुआवजा दो यदि राशि नहीं दी तो बांध का निर्माण नहीं होने देगें। वहां मौके पर मौजूद कर्मचारियों से गाली-गलौंच करने लगे और मंगल यादव, ठाकुरदीन, रामजी उर्फ रामू, बबलू, भारत, सीताराम ने काम कर रहे कर्मचारियों को काम करने से रोका तथा हमारे कर्मचारियों शिवम शर्मा हरिशंकर साहू, संजय शर्मा अरबिन्द यादव के साथ मारपीट की और सभी लोग मौके से भाग गए जो बोले कि हमारे नेता अमित भटनागर ने कहा है कि हमारी मर्जी और हमारी मांग के अनुसार मुआवजा राशि दिए बिना काम चालू किया तो जान से मार देगें।

केन-बेतवा सहित रूंज, मझगांय परियोजना के विस्थापितों के हो रहे हैं लगातार प्रदर्शन

सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर द्वारा जय किसान संगठन के बैनर तले केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत छतरपुर एवं पन्ना जिले के प्रभावित विस्थापितों के साथ ही पन्ना जिले की रूंज मझगांय सिंचाई परियोजनाओं के विस्थापितों को उचित मुआवजा जमीन के बदले जमीन और रहवास की मांग को लेकर न्याय सत्याग्रह आंदोलन चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत पन्ना तथा केन परियोजना के दोधन बांध में अभी हाल में बडे उग्र प्रदर्शन आयोजित हुए थे।

अमित ने कहा गिरफ्तारी से आंदोलन नहीं रूकेगा

सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में स्वयं ही गिरफ्तारी की जानकारी सांझा की है उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि मेरी न्याय अधिकार यात्रा से पहले मुझे गिरफ्तार किया गया है। बिजावर टीआई ने कुपिया से गिरफ्तारी की है और पन्ना ले जाया जा रहा है। आंदोलन कमजोर नहीं होगा मुझे गर्व है कि जल, जंगल, जमीन हजारों लोगों के जीवन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल में हूं मेरे बाद आंदोलन का नेतृत्व दिव्या करेगीं, गांव-गांव की आंदोलन समिति और महिला नेतृत्व इस आंदोलन को आगे बढायेंगे।

Created On :   9 May 2026 5:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story