Panna News: चिता आंदोलन 35वें दिन भी जारी, अमित भटनागर का आमरण अनशन 20वें दिन में

चिता आंदोलन 35वें दिन भी जारी, अमित भटनागर का आमरण अनशन 20वें दिन में
मिट्टी-पत्ते लगाकर आदिवासी किसानों ने किया जल सत्याग्रह, स्वास्थ्य में गिरावट से बढ़ी चिंता

डिजिटल डेस्क,पन्ना। केन-बेतवा, मझगाय और रूँझ परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के मुआवजे, पुनर्वास और विस्थापन के मुद्दों को लेकर जारी चिता आंदोलन शुक्रवार को 35वें दिन में पहुंच गया। आंदोलन के दौरान आदिवासी किसानों और महिलाओं ने शरीर पर मिट्टी लगाकर, पेड़ों के पत्ते बांधकर तथा पानी में उतरकर जल सत्याग्रह किया। प्रदर्शन के माध्यम से जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई गई।

मुआवजा और पुनर्वास की मांग तेज

आंदोलनकारियों ने मांग की कि विस्थापन से पहले पात्र परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए। आंदोलन में महिलाओं और आदिवासी परिवारों की भागीदारी जारी है।

20वें दिन में पहुंचा अमित भटनागर का अनशन

जय किसान संगठन के नेता अमित भटनागर का आमरण अनशन भी 20वें दिन में पहुंच गया है। आंदोलनकारियों के अनुसार, लगातार अनशन के कारण उनके स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आ रही है, जिससे समर्थकों और प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की है।

Created On :   16 Oct 2026 6:16 PM IST

Tags

Next Story