पन्ना: बृहस्पति कुंड में विकास कार्यों से पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढेंगे: मंत्री श्री सिंह

बृहस्पति कुंड में विकास कार्यों से पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढेंगे: मंत्री श्री सिंह

डिजिटल डेस्क, पन्ना। बृहस्पति कुंड को सुंदर और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। पर्यटन विकास के साथ यहां रोजगार के अवसर भी बढेंगे। पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी उपाय किए जाएंगे। भविष्य में यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने यह बात बुधवार को बृहस्पति कुंड में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के भूमिपूजन अवसर पर कहीं। मंत्री श्री सिंह ने 3 करोड 2 लाख 70 हजार रुपए लागत राशि के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। पर्यटन विभाग द्वारा बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की सुविधा के लिए रेलिंग, शेल्टर, शौचालय, कैफेटेरिया, पार्किंग इत्यादि का निर्माण किया जाएगा। तकनीकी टीम द्वारा परीक्षण उपरांत यहां ग्लास ब्रिज का निर्माण भी करवाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक व प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर बृहस्पति कुंड श्रीराम वन पथ गमन में शामिल महत्पवूर्ण स्थान भी है।

सारंगधाम सहित भगवान राम की स्मृतियों से जुडे स्थलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इन सभी स्थानों के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण का कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में बृहस्पति कुंड का स्वरूप संयुक्त राज्य अमेरिका के नियाग्रा फाल की भांति प्रतीत होता है यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। यह स्थान बारिश के मौसम में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी रहता है। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन विभाग के माध्यम से विकास कार्यों की यह बडी उपलब्धि है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रभा गौड, बृजेन्द्र गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यपालन यंत्री के.के. चौरसिया, जिला पर्यटन प्रबंधक अदिति चंसौरिया, जिला पुरातत्व पर्यटन परिषद के सदस्य मुकेश कुमार पाण्डेय, सरपंच राजकुमारी सिंह, विष्णु पाण्डेय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपयंत्री रवि त्रिपाठी द्वारा किया गया।

Created On :   28 Sep 2023 10:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story