- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- स्वयं कैंसर का दर्द सहा, बुजुर्गों...
Panna News: स्वयं कैंसर का दर्द सहा, बुजुर्गों को दिया सहारा-शुरू किया सीनियर सिटीजन होम

Panna News: स्मरण नहीं है कि जीवन का एक भी क्षण आराम में या व्यर्थ व्यतीत हुआ हो। होश संभालते ही पढ़ाई और करियर के लिए संघर्ष प्रारंभ हो गया। पारिवारिक जीवन की व्यथाओं को साथ लेकर जीवन से संघर्ष करना हर क्षण की चुनौती रही। वर्ष 1992 में पारिवारिक कठिनाइयों के कारण छोटी सी बेटी के बेहतर भविष्य को बनाने की जिम्मेदारी ने जीवन की चुनौती और अधिक बढ़ा दी। इसी बीच 1997 में जांच से यह ज्ञात हुआ कि गले में कैंसर है जिसके उपचार में अब तक तीन बार गले का ऑपरेशन हो चुका है। वनस्पति विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करना जीवन का एक सुनहरा पल था किंतु इसी दौरान कैंसर की बीमारी ने मुझे मुंबई के अस्पतालों की ओर दौड़ाया। वहां के समुद्र की गहराई और विस्तार ने मेरे जीवन-दर्शन को नई दिशा दी।
कैंसर जैसी जंग से जूझते हुए मुझे जीवन संघर्ष का स्वर्णिम अवसर मिला। अभी बहुत कुछ करना शेष था। शिक्षा समाज के विकास के लिए आवश्यक है। इसी सोच के साथ साक्षरता अभियान को जीवन का हिस्सा बनाया। ऐसे विद्यार्थी जो नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते उनकी शिक्षा को जारी रखने के लिए जिले में दूरवर्ती शिक्षण संस्थान की स्थापना की गई। इसी बीच मन की गहराइयों से एक और आवाज उठ रही थी। अनेक निराश्रित और बेसहारा बुजुर्गों की पीड़ा सामने आ रही थी। वह बुजुर्ग जिनके अंतिम क्षणों में कोई अपना शेष नहीं रहता उनकी सेवा का संकल्प मन में दृढ़ हुआ। जहां चाह वहां राह मिली। पन्ना शहर में इसी संकल्प से सिटिजन होम सेंटर की शुरुआत हुई जहां आश्रय के साथ भोजन व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित बुजुर्गों की सेवा समर्पित भाव से की जा रही है। इस सेवा से मिलने वाली संतुष्टि ने कैंसर की पीड़ा को बहुत पीछे छोड़ दिया और जीवन को एक नई ऊर्जा और अर्थ प्रदान किया।
Created On :   26 Sept 2025 4:03 PM IST