Panna News: खरीदी केन्द्र में वारदाना नहीं, पांच दिन से खरीदी ठप्प, गेहूं खरीदी केन्द्र हरद्वाही में तुलाई का कार्य बंद, किसान परेशान

खरीदी केन्द्र में वारदाना नहीं, पांच दिन से खरीदी ठप्प, गेहूं खरीदी केन्द्र हरद्वाही में तुलाई का कार्य बंद, किसान परेशान
  • खरीदी केन्द्र में वारदाना नहीं, पांच दिन से खरीदी ठप्प
  • गेहूं खरीदी केन्द्र हरद्वाही में तुलाई का कार्य बंद, किसान परेशान

Panna News: सरकार द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य जिले में बनाये गये खरीदी केन्द्रों में किया जा रहा है। किसानों से गेहूं की खरीदी के कार्य के लिए समय पर व्यवस्थायें किए जाने का दावा स्थानीय प्रशासन द्वारा किया गया था किंतु खरीदी केन्द्रों में खरीदी से संबधित कार्य के लिए की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं की पोल खुल रही है और सैकडों की संख्या में खरीदी केन्द्र में पहुंचे किसान तुलाई का इंतजार करते हुए पड रही भीषण गर्मी के बीच कई-कई दिन तक परेशान हो रहे हैं। जिले के पन्ना विकासखण्ड अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिलधरा को ग्राम हरद्वाही में स्थित गेहूं खरीदी केन्द्र के कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृषि साख सहकारी समिति अंतर्गत लगभग ४५० किसानों द्वारा गेहूं का पंजीयन कराया गया है किंतु खरीदी केन्द्र में स्थिति यह हो गई है कि खरीदी के कार्य के लिए वारदाना ही शेष नहीं बचा है। जिसके चलते पिछले पांच दिनों से खरीदी केन्द्र में गेहूं की तुलाई का कार्य बंद है।

किसानों को प्रक्रिया के अंतर्गत उपज जमा करने के लिए एसएमएस के जरिए टोकन जारी किया गया था। जिसके बाद वह अपने वाहनों से गेहूं खरीदी केन्द्र में तुलाई के लिए सहकारी समिति द्वारा स्थापित खरीदी केन्द्र में पहुंच गये परंतु खरीदी केन्द्र में वारदाना नहीं होने के चलते किसानों की तुलाई नहीं हो पा रही है और पिछले पांच दिनों से बडी संख्या में किसान अपना अनाज खुले में स्थापित खरीदी केन्द्र में रखे हुए तुलाई का इंतजार कर रहे हैं। खरीदी केन्द्र खुला केन्द्र है और इसके चलते किसानों को गर्मी से बचाव के लिए सुरक्षा भी नहीं हैं जिसके चलते पूरे समय किसानों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। बीते दिनों बारिश के चलते कई किसानों का खरीदी केन्द्र में उनके द्वारा ले जाया गया गेहूं भींग गया था और इसे सूखाने से लेकर फिर से भरने आदि कार्य को लेकर किसानों को परेशान होना पडा।

खरीदी के लिए पांच दिन शेष, महज ३५ किसानों से ही अब तक खरीदी

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने के लिए ०५ मई आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। अभी तक तारीख बढाने की घोषणा नहीं हुई है। खरीदी संबधी कार्य की स्थिति काफी कमजोर है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिलधरा अंतर्गत गेहूं उपार्जन के लिए कुल ४४९ किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। जिनमें से मात्र ३५ किसानों की ही आन रिकार्ड खरीदी अभी तक हो सकी है और ऐसी स्थिति में करीब ४०० से भी अधिक किसानों की उपज खरीदी केन्द्र में अभी तक जमा नहीं हो सकी है। इसके चलते किसानों की चिंतायें और परेशानी बढ गई है। तुलाई का कार्य बंद होने से किसानों में अफरा-तफरी देखी जा रही है।

खुले में खरीदी केन्द्र, आसमान के नीचे १५०० क्विंटल रखा हुआ है गेहूं

प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा अब तक जिन ३५ किसानों से खरीदी की गई है उससे खरीदी केन्द्र में किसानों द्वारा कुल २४७४.५० क्विंटल गेहूं जमा किया गया है। समिति द्वारा हरद्वाही में स्थापित खरीदी केन्द्र खुले आसमान के नीचे बनाया गया है। जिससे गेहूं का परिवहन किए जाने को लेकर भी स्थिति काफी कमजोर सामने आई है। रिकार्ड में खरीदे जा चुके २४७४.५० क्विंटल गेहूं के विरूद्ध मात्र १०५० क्विंटल गेहूं का ही खरीदी केन्द्र से परिवहन हुआ है और खरीदी केन्द्र में १४२५.५० क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है। इसके साथ ही साथ सैकडों की संख्या में किसानों द्वारा ले जाया गया गेहूं जिसकी तुलाई नहीं हुई है वह भी खुले में पडा हुआ है। जिसके चलते किसानों के साथ ही समिति से जुडे कर्मचारी भी परेशान हैं।

इनका कहना है

वारदाना नहीं होने से खरीदी का कार्य रोकना पडा है। खुले में खरीदी केन्द्र है काफी मात्रा में जो खरीदी हुई है उसका गेहूं भी खुले में रखा हुआ है। जिसके चलते उसकी सुरक्षा को लेकर भी हम चिंतित है। वारदाना नहीं होने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है और वारदाना की मांग की गई है। वारदाना उपलब्ध होने के साथ खरीदी के कार्य में तेजी लाई जायेगी।

पुष्पेन्द्र पाण्डेय

सह समिति प्रबंधक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिलधरा

Created On :   1 May 2025 2:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story