- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पक्षियों के लिए दाना-पानी की...
Panna News: पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था, बच्चों ने दिखाई संवेदनशीलता

Panna News: भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच बेजुबान पक्षियों की पीड़ा को समझते हुए पवई ब्लॉक के शासकीय माध्यमिक शाला नारायणपुरा के विद्यार्थियों ने सराहनीय पहल की है। विद्यालय परिसर में स्थित पेड़ पर बच्चों ने मिट्टी के सकोरों में दाना-पानी रखकर पक्षियों के लिए जीवनदायिनी व्यवस्था की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं सकोरे एकत्र किए उन्हें साफ कर पानी से भरा और अनाज डालकर पेड़ की शाखाओं पर सावधानीपूर्वक टांगा। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और सेवा भाव साफ झलक रहा था।
यह भी पढ़े -नगर परिषद द्वारा हटवाया गया अतिक्रमण, जयस्तंभ चौक से लेकर पुलिस थाने तक सडक़ में आवागमन हो रहा था प्रभावित
शिक्षक सतानंद पाठक ने बच्चों को बताया कि गर्मी के मौसम में तालाब, नदी-नाले सूख जाने से पक्षियों को पानी मिलना मुश्किल हो जाता है ऐसे में हमारी छोटी सी मदद उनके जीवन की रक्षा कर सकती है। प्रधान अध्यापक माया खरे ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा किताबों तक सीमित न रहकर व्यवहार में आनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने घरों की छतों, बालकनियों और आंगन में पक्षियों के लिए दाना-पानी अवश्य रखें। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने भी बच्चों की इस सोच को अनुकरणीय बताया। अंत में सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से सकोरों में पानी बदलेंगे और दाना डालते रहेंगे ताकि गर्मी में कोई भी पक्षी प्यासा न रहे।
Created On :   7 April 2026 6:14 PM IST













