- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना में तेंदुए और बछड़े का साथ...
Panna News: पन्ना में तेंदुए और बछड़े का साथ देख दंग रह गया वन विभाग

Panna News: जब शिकारी और शिकार एक ही मौत के फंदे कुएं में फंसे हो तो अमूमन परिणाम लहूलुहान होता है लेकिन दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा रेंज से मानवता और वन्यजीव व्यवहार की एक ऐसी मिसाल सामने आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहाँ एक गहरे कुएं में गिरे तेंदुए और बछड़े ने न सिर्फ रात साथ गुजारी बल्कि उनके बीच दोस्ती जैसा व्यवहार भी देखने को मिला।
कुएं में अनोखा सह अस्तित्व
ग्राम मक्केपाला के एक कुएं में जब ग्रामीणों ने झांका तो उनके होश उड़ गए। अंदर एक खूंखार तेंदुआ और एक मासूम बछड़ा साथ में फंसे थे लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि बछड़ा बिना डरे तेंदुए के पास जाकर उसे चाट रहा था। तेंदुए ने अपनी शिकारी फितरत छोड़ बछड़े को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। तनाव के उन घंटों में दोनों एक-दूसरे के लिए सहारा बने रहे।
वन विभाग की इंजीनियरिंग और सफल रेस्क्यू
सूचना मिलते ही नवागत एसडीओ श्रीमती रचना शर्मा और रेंज ऑफिसर विवेक जैन की टीम मौके पर पहुँची। रेस्क्यू ऑपरेशन को दो चुनौतियों से निपटना था तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालना और उसे गाँव की आबादी से दूर जंगल की तरफ भेजना। वन विभाग ने लकड़ी के लठ्ठों को रस्सियों से बांधकर एक अस्थायी मजबूत सीढ़ी तैयार की। रणनीति ऐसी थी कि तेंदुआ निकलते ही जंगल की राह पकड़े और वैसा ही हुआ। बिना किसी संघर्ष या चोट के तेंदुआ सीधे वन क्षेत्र में ओझल हो गया। इसके बाद बछड़े को भी सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
इनकी सूझबूझ आई काम
इस सफल मिशन में प्रशिक्षु एसीएफ अंकुर गुप्ता, वनपाल रंजना नागर, रामप्रताप गौतम सहित बद्री प्रसाद, अरविंद विश्वकर्मा और पूरी रैपुरा टीम का विशेष योगदान रहा। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किए गए इस ऑपरेशन ने साबित कर दिया कि तकनीक और धैर्य से किसी भी संकट को टाला जा सकता है।
इनका कहना है
हमारी वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू को अंजाम दिया सबसे बडी बात है कि गाय के बछडे को खरोंच भी नहीं आई हमारी टीम ने जहाँ बछडे को उसकी मां से मिलाया वहीं तेंदुए को जंगल की और भेजने में सफलता प्राप्त की।
अनुपम शर्मा, डीएफओ दक्षिण वन मंडल पन्ना
Created On :   25 April 2026 5:02 PM IST














