- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- महिला एवं उसके छ: साल के बेटे की...
Panna News: महिला एवं उसके छ: साल के बेटे की हत्या से उपजा आक्रोश, परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने अजयगढ के माधौगंज में किया चक्काजाम

- महिला एवं उसके छ: साल के बेटे की हत्या से उपजा आक्रोश
- परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने अजयगढ के माधौगंज में किया चक्काजाम
Panna News: पन्ना जिले के अजयगढ थाना कस्बा मुख्यालय के वार्ड क्रमांक १३ में अपने दो मासूम बच्चों के साथ रह रही महिला तथा उसके ०६ साल के बेटे की बेरहमी से अज्ञात द्वारा घर में घुसकर हत्या किए जाने की घटना सामने आने के बाद आज समूचे अजयगढ में सनसनी फैल गई। मृतिका महिला श्रीमती सोनू कुशवाहा का पति एवं मृतक बालक देवेन्द्र का पिता नारायण कुशवाहा पंजाब में मजदूरी करने के लिए गया है। मृतिका की हत्या की संदिग्ध कारणों के चर्चाओं के साथ ही हत्या वारदात जैसे ही सुबह सामने आई तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। अजयगढ में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही एक ओर थाना पुलिस घटना के जांच के लिए मौके पर पहुुंच गई थी वहीं हत्या की वारदात को लेकर स्थानीय निवासियों व परिजनों की नाराजगी भडक़ गई और आक्रोशित परिजन स्थानीय लोगों के साथ कस्बा स्थित माधौगंज तिराहा पहुंच गए जहां पर लोगों द्वारा स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया साथ ही सडक़ में भारी संख्या में लोग बैठ गए। प्रदर्शनकारियों द्वारा सडक़ में प्रदर्शन करने के साथ ही चक्काजाम कर दिया गया जिससे उत्तर प्रदेश के बांदा तथा पन्ना जिला मुख्यालय की ओर आने-जाने वाले वाहनों के पहिये थम गए और धीरे-धीरे बडा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और बडी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह भी मौके पर पहुुंच गई। हत्या की जानकारी मिलने पर पन्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी अजयगढ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की गई तथा घटना के अज्ञात आरोपियों का शीघ्र पता लगाते हुए निष्पक्षता के साथ जांच किए जाने का भरोसा दिलाया गया तब कहीं डेढ़ घंटे तक चले चक्काजाम को समाप्त करने पर लोग राजी हुए और पुलिस द्वारा चक्का जाम को बंद करवाया गया।
घर के अंदर घुसकर हुई हत्या, कारण अज्ञात
मृतिका तथा उसके ०६ साल के बेटे की हत्या की वारदात अज्ञात द्वारा १६-१७ सितम्बर की दरिम्यनी रात्रि में किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोहरे हत्याकाण्ड की घटना की जानकारी आज १७ सितम्बर को सुबह तब सामने आई जब मृतिका के पडोस में रहने वाले परिजन किराने की दुकान में सामान लेने के लिए पहुुंचे तो दुकान बंद थी जिसके बाद दुकान के साथ लगे महिला के घर तक परिजन पहुंचे तो घर के अंदर से महिला के दो साल मासूम बच्चे की रोने की आवाज सामने आ रही थी। एक बात यह कही जा रही है कि महिला के घर का दरवाजा अंदर से बंद था और हत्या के बाद आरोपी पीछे ठाट की ओर से भागे गए जिसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर परिजन घर के अंदर पहुंचे तो मृतिका और उसका ०६ साल के मासूम पुत्र का शव पडा हुआ था और उनकी रात में हत्या होने की जानकारी स्पष्ट हुई। महिला का पति पंजाब में मजदूरी करता है और आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है इसके चलते चोरी जैसे कारण की वजह से हत्या हुई है इस तरह की स्थितियां सामने नहीं आई फिर ऐसे में महिला और उसके ०६ साल के बेटे की हत्या किस कारण के चलते हुए है इस रहस्य पर पर्दा पडा हुआ है।
सागर से आईजी और छतरपुर से डीआईजी जांच के लिए पहुंचे
महिला तथा उसके ०६ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी के साथ हत्या की घटना के बाद अजयगढ में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित रही लोगों ने घटना के विरोध में चक्काजाम कर अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच सागर से आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना और छतरपुर से डीआईजी विजय कुमार खत्री अजयगढ पहुंच गए। जिन्होंने घटना स्थल की जांच करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए तथा बताया कि पुलिस जल्द ही इस मामले के आरोपियों का पता लगाते हुए खुलासा करेगी। जिला मुख्यालय पन्ना से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान को घटना की जानकारी सामने आने के बाद से ही अजयगढ में मौजूद रही। वहीं जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के देर शाम अजयगढ जा रहे होने की जानकारी सामने आई है।
Created On :   18 Sept 2025 5:49 PM IST