- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान...
Panna News: पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार हुए सम्मानित

- पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए
- पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार हुए सम्मानित
Panna News: पर्यटन के क्षेत्र में पन्ना जिले में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए कलेक्टर सुरेश कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ग्रामीण रंग, पर्यटन संग उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पर्यटन विकास में योगदान देने वाले अधिकारियों, सरपंचों व संस्थाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से पर्यटन की दृष्टि से देश और दुनिया के नक्शे पर उभर रहा है और इसमें जिला प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी कडी में पन्ना जिले में पर्यटन को बढावा देने, सुविधाओं के विकास और स्थानीय सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर सुरेश कुमार के प्रयासों को राज्य स्तर पर सराहा गया।
पन्ना जिला अपने टाइगर रिजर्व, प्राकृतिक जलप्रपातों और धार्मिक स्थलों जैसे श्री जुगल जी मंदिर, श्री बल्देव जी मंदिर और महामति श्री प्राणनाथ जी मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। इन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने, स्थानीय रोजगार के अवसर बढाने और होमस्टे जैसे नवाचारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कलेक्टर सुरेश कुमार की भूमिका उल्लेखनीय रही है। जिलेवासियों में भी हर्ष है कि पन्ना की सुंदरता और पर्यटन क्षमता को अब शासन स्तर पर मान्यता मिल रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी कलेक्टर को बधाई देते हुए आशा जताई कि यह सम्मान जिले में और अधिक पर्यटन संभावनाओं के द्वार खोलेगा। पन्ना को यदि सुनियोजित ढंग से धार्मिक और इको-टूरिज्म की योजनाओं से जोडा जाएए तो यह समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक आदर्श पर्यटन मॉडल बन सकता है।
Created On : 20 Jun 2025 2:53 PM IST