Panna News: पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक, एक दिन में एक दर्जन से ज़्यादा घायल

पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक, एक दिन में एक दर्जन से ज़्यादा घायल
  • पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक
  • एक दिन में एक दर्जन से ज़्यादा घायल
  • प्रशासन पर उठ रहे सवाल

Panna News: शहर में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर पहुँच गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अब यह कुत्ते लोगों को काटकर घायल कर रहे हैं। बीते 24 घंटों में एक दर्जन से ज़्यादा लोगों को कुत्तों द्वारा काटे जाने की घटना सामने आई है। जिसने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यह कोई नई घटना नहीं है डेढ़ माह पहले भी इंद्रपुरी कॉलोनी में एक पागल कुत्ते ने बच्चों और महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना निशाना बनाया था। इस समाचार पत्र द्वारा इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की है। शहर के अंदर बेखौफ घूम रहे यह आवारा कुत्ते कभी भी किसी को भी अपना निशाना बना रहे हैं। जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा घटना 20 जुलाई की है जब बेनीसागर और पुलिस लाइन एरिया में लगभग सात लोगों को कुत्तों द्वारा काटकर घायल कर दिया गया। इन सभी पीडितों को तत्काल जिला चिकित्सालय में पहुँचकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाना पड़ा।

जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनमें रोशनी सिंह 20 वर्ष, ओमी पाण्डेय 41 वर्ष, गुदहाल 51 वर्ष, भावेश मौर्या 17 वर्ष, प्रसंग मिश्रा 28 वर्ष, वसीम खान 29 वर्ष और रंजीत यादव 38 वर्ष शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन घटनाओं के पीछे एक काले रंग का कुत्ता है जिसने कई लोगों को काटा है। स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को अनदेखा कर रहा है जबकि आवारा कुत्तों के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा और भी बढ़ गया है। लोग सुबह-शाम अपने घरों से निकलने में भी डर रहे हैं क्योंकि उन्हें नहीं पता कि अगला हमला कब और किस पर हो जाए। जिला चिकित्सालय में रेबीज के इंजेक्शन लगवाने वाले पीडितों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि समस्या कितनी विकराल हो चुकी है। यह सिर्फ एक स्वास्थ्य संकट ही नहीं बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा का भी एक बड़ा मुद्दा बन गया है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है कि उनकी प्रमुख मांगों में आवारा कुत्तों को पकडऩे और उन्हें शहर से बाहर ले जाने के लिए एक अभियान चलाना जनहित में जरुरी है।

इनका कहना है

मैं तत्काल दिखवाता हूं अपने संबंधित कर्मचारियों को आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए निर्देश दिए जायेंगे।

उमाशंकर मिश्रा, सीएमओ नपा पन्ना

Created On :   22 July 2025 1:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story