Panna News: पन्ना शहर के धाम मोहल्ले में सड़क मार्ग जर्जर, आस्था के पथ पर गढ्ढों का ग्रहण

पन्ना शहर के धाम मोहल्ले में सड़क मार्ग जर्जर, आस्था के पथ पर गढ्ढों का ग्रहण
  • पन्ना शहर के धाम मोहल्ले में सड़क मार्ग जर्जर
  • आस्था के पथ पर गढ्ढों का ग्रहण

Panna News: शहर के धाम मोहल्ले की सडक जो दो प्रमुख मंदिरों को आपस में जोडती है। इस समय अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। इस सडक का जर्जर हाल यहाँ से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए एक बडी समस्या बन गया है। यह मार्ग केवल एक साधारण सडक नहीं बल्कि शहर के दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों बडी देविन मंदिर और प्रणामी सम्प्रदाय के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री प्राणनाथ जी मंदिर को जोडने वाला आस्था का पथ है। आने वाले दिनों में शारदीय नवरात्रि और अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव जैसे बडे पर्वों का आयोजन होने वाला है जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहाँ पहुंचते हैं। ऐसे में इस खराब सडक की मरम्मत एक अत्यंत आवश्यक कार्य बन गया है।

बदहाल सड़क और बढती मुश्किलें

धाम मोहल्ले का यह सडक मार्ग जो शहर के हृदय से होकर गुजरता है इस समय जगह-जगह से उखडा हुआ है और इसमें बडे-बडे गढ्ढे हो गए हैं। बारिश के मौसम में इन गढ्ढों में पानी भर जाने से इनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर कई वर्षों से कोई बडा मरम्मत कार्य नहीं किया गया है जिसका नतीजा यह है कि सडक की ऊपरी परत पूरी तरह से गायब हो चुकी है।

आस्था के केन्द्रों को जोडता पथ

यह मार्ग न केवल दैनिक यातायात का साधन है बल्कि यह दो महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को भी आपस में जोडता है। बडी देविन मंदिर जिसे शहर का प्रमुख देवी मंदिर माना जाता है भक्तों के बीच गहरी आस्था का केंद्र है। 22 सितंबर से शुरू हो रही शारदेय नवरात्रि में यहाँ हजारों की संख्या में भक्त देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुँचते हैं। इन नौ दिनों में पूरे देश से बडी संख्या में श्रद्धालु यहाँ आते हैं। ऐसे में यदि सडक की हालत यही रही तो उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पडेगा। दूसरी ओर इसी मार्ग से होकर प्रणामी सम्प्रदाय का विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री प्राणनाथ जी मंदिर है। यह मंदिर विश्व भर के प्रणामी अनुयायियों के लिए एक पवित्र स्थान है। विजयादशमी के बाद से यहाँ अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होता है जिसमें देश-विदेश से भारी संख्या में सुंदरसाथ शामिल होने के लिए पन्ना आते हैं। इस महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भव्य आयोजन होते हैं और पूरे शहर में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल रहता है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

धार्मिक पर्वों के लिए चुनौती

आने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के मद्देनजर इस सडक की मरम्मत करना अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और सुंदरसाथ को इस जर्जर सडक से गुजरना पडेगा। जिससे उनके मन में शहर की छवि खराब हो सकती है। यह केवल यातायात की समस्या नहीं है बल्कि यह श्रद्धालुओं की आस्था और उनके आगमन की सुविधा से जुडा एक गंभीर मुद्दा है। खराब सडक के कारण लोगों को अपने वाहन पार्किंग स्थलों से मंदिर तक पहुँचने में भी काफी समस्याओं का सामना करना पडेगा।

प्रशासन से उम्मीद

नगर पालिका और जिला प्रशासन के लिए यह एक अवसर है कि वह इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत कर श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को राहत पहुँचाएं। इस सडक की तत्काल मरम्मत न केवल यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि यह शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को भी बढायेगी। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा और आने वाले बडे पर्वों से पहले इस सडक को दुरुस्त कराएगा जिससे हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद और सुरक्षित हो सके। यह सडक केवल एक रास्ता नहीं बल्कि आस्था का पथ है और इस पर आने वाले गढ्ढे भक्तों की श्रद्धा पर ग्रहण की तरह हैं। इस मार्ग की मरम्मत करना न केवल प्रशासन का कर्तव्य है बल्कि यह भक्तों की भावनाओं का सम्मान भी है।

इनका कहना है

यह सडक पिछले कई सालों से खराब है। हम लोगों ने कई बार नगर पालिका व स्थानीय प्रशासन से इसकी शिकायत की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब तो यह हाल है कि दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल है।

फोटो नं-६

सुशील खरे एडवोकेट, स्थानीय निवासी

नवरात्रि व शरद पूर्णिमा के समय यहां बहुत भीड होती है। कई बुजुर्ग व बीमार लोग भी दर्शन के लिए आते हैं। अगर सडक ऐसी ही रहेगी तो उनके लिए यह यात्रा बहुत कष्टदायक होगी। प्रशासन को इन पर्वों से पहले ही इस पर ध्यान देना चाहिए।

फोटो नं-७

राकेश कुमार शर्मा, पूर्व सचिव श्री १०८ प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट पन्ना

वर्तमान में इस मार्ग की हालत काफी खराब हो गई है वाहनों व पैदल राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा है। आगामी समय में अंतराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव व नवरात्रि पर काफी श्रृद्धालु यहां से निकलते हैं।

फोटो नं-८

राजेश शर्मा, उपाध्यक्ष श्री १०८ प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट पन्ना

Created On :   20 Sept 2025 12:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story