Pune City News: 328 कैडेट्स सशस्त्र बलों में हुए शामिल

328 कैडेट्स सशस्त्र बलों में हुए शामिल
  • एनडीए के 149वें कोर्स की पासिंग आउट परेड
  • नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी समारोह में हुए शामिल

भास्कर न्यूज, पुणे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 149वें कोर्स की भव्य पासिंग आउट परेड रविवार सुबह पुणे के खड़कवासला स्थित खेत्रपाल परेड ग्राउंड पर आयोजित की गई। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने परेड का निरीक्षण किया और कैडेट्स की सलामी ली। कुल 328 कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र बलों में कमीशन दिया गया। परेड की कमान कैडेट सिद्धार्थ सिंह ने संभाली। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया।




इन्हें मिला पदक

• राष्ट्रपति स्वर्ण पदक कैडेट दीपक कांडपाल को मिला।

• राष्ट्रपति रजत पदक कैडेट सिद्धार्थ सिंह को प्रदान किया गया।

• राष्ट्रपति कांस्य पदक कैडेट सिद्धि जैन को मिला।

• इसके अतिरिक्त चीफ ऑफ स्टाफ बैनर गोल्फ स्क्वाड्रन को दिया गया।

इससे एक दिन पहले 149वें कोर्स का दीक्षांत समारोह हबीबुल्लाह हॉल में आयोजित किया गया था, जिसमें संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। दीक्षांत समारोह में कुल 328 कैडेट्स को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की डिग्री दी गई। इनमें विज्ञान में 72, कंप्यूटर साइंस में 92, कला संकाय में 52 कैडेट्स शामिल थे। इसके अलावा 18 मित्र राष्ट्रों के कैडेट्स को भी डिग्रियां दी गईं, जिससे एनडीए की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और रक्षा प्रशिक्षण सहयोग को नई मजबूती मिली। नौसेना और वायु सेना के 112 बी.टेक कैडेट्स को तीन वर्षीय तकनीकी पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र दिए गए। अधिकारियों के अनुसार बैच ने प्रशिक्षण के दौरान कठिन शारीरिक, अकादमिक और नेतृत्व संबंधी मानकों को उत्कृष्टता के साथ पूरा किया।

रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि एनडीए के 149वें कोर्स के कैडेट न केवल सैन्य अनुशासन और नेतृत्व क्षमता में अग्रणी रहे हैं, बल्कि तकनीकी दक्षता, रणनीतिक अध्ययन और टीम भावना में भी उन्होंने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। समारोह के अंत में परेड ग्राउंड पर ‘पासिंग आउट’ का ऐतिहासिक क्षण देखते हुए परिवारजन और पूर्व अधिकारी भावुक हो उठे। संगीत, मार्च और एनडीए की पारंपरिक ‘क्रॉसिंग द एंटलर्स’ रस्म के साथ आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Created On :   1 Dec 2025 3:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story