Pune City News: 3.63 लाख मतदाताओं के घर-नंबर का अता-पता नहीं

3.63 लाख मतदाताओं के घर-नंबर का अता-पता नहीं
  • मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी
  • विश्वसनीयता पर उठ रहे सवाल
  • शहर में कुल 17,13,891 मतदाता

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। आगामी मनपा चुनाव से पहले जारी की गई प्रारूप मतदाता सूची में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। शहर के 17 लाख में से 3 लाख 63 हजार 936 मतदाताओं के घर-नंबर सूची से पूरी तरह गायब हैं। जिससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अब तक 5 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं। पिंपरी चिंचवड़ में कुल 17,13,891 मतदाता हैं। पिछले कुछ महीनों में मनपा और चुनाव विभाग ने घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया था, परंतु भारी संख्या में पते गायब होने से यह अभियान सिर्फ कागजों में ही सीमित रह जाने की तस्वीर है। नागरिकों का कहना है कि इस गड़बड़ी की वजह से कई लोग अपने मतदान केंद्र की जानकारी से वंचित रह सकते हैं। अगर समय रहते सुधार नहीं हुए, तो बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान अधिकार पर असर पड़ सकता है।

-प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर पैटर्न सामने आया

प्रारूप मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गलतियों के पीछे प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर पैटर्न सामने आया है। लाखों वोटरों के घर नंबर गायब होने, गलत नाम, मरे हुए लोगों के नाम, रिपीटिशन जैसी गलतियां हैं और चर्चा है कि इसके पीछे मुख्य कारण वोटर रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (बीएलओ) की लापरवाही है। दिवाली की छुट्टियों में बीएलओ को काम दिया गया था। चूंकि छुट्टियों में घर-घर जाकर वेरिफिकेशन के लिए जरूरी समय, सुविधाएं या प्लानिंग नहीं दी गई थी, इसलिए कई लोगों ने यह काम सिर्फ ड्यूटी के तौर पर किया।

- सूची पर 5401 आपत्तियां हुई दर्ज

मनपा की प्रारूप मतदाता सूची पर अब तक कुल 5401आपत्तियां दर्ज की गई हैं। मनपा के क क्षेत्रीय कार्यालय में सर्वाधिक 1363 और इ क्षेत्रीय कार्यालय में सबसे कम 138 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। मनपा के निर्वाचन विभाग ने 20 नवंबर को 32 प्रभागवार प्रारूप मतदाता सूची जारी की थी। इसके प्रकाशन के बाद विविध राजनीतिक दलों ने सूची में गंभीर त्रुटियां बताई और प्रशासन पर अपनी नाराजगी जताई। खुद मनपा प्रशासन ने 92 हजार मतदाताओं के नाम डबल रहने की जानकारी दी है, इसके चलते हंगामा मचा हुआ है। चुनाव पूर्व प्रक्रिया में खामियों के कारण आगामी चुनावों की पारदर्शिता को लेकर नागरिकों और राजनीतिक दलों द्वारा गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।

सबसे अधिक गड़बड़ी वाले प्रभाग (25% से अधिक पते गायब)-

प्रभाग गायब घर-नंबर (%)

प्रभाग 21 33%

प्रभाग 4 29%

प्रभाग 10 28%

प्रभाग 30 27%

प्रभाग 5, 6, 19, 20, 29 26% से अधिक

क्षेत्रीय कार्यालयवार प्राप्त आपत्तियां-

अ : 1263

ब : 304

क : 1363

ड : 340

इ : 138

फ : 631

ग : 768

ह : 523

Created On :   1 Dec 2025 4:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story