Pune City News: महिलाओं की तुलना में पुरुषों में एड्स का संक्रमण ज्यादा

महिलाओं की तुलना में पुरुषों में एड्स का संक्रमण ज्यादा
संक्रमितों में 70 प्रतिशत पुरुष और 30 प्रतिशत महिलाएं

भास्कर न्यूज, पुणे। विश्व एड्स दिवस 1 दिसंबर 1988 से मनाया जा रहा है, लेकिन जागरूकता के तमाम दावों और प्रयासों के बावजूद पहले की तुलना में मरीजों की संख्या अधिक है। वर्तमान स्थिति में महिलाओं की तुलना में पुरुषों में एचआईवी के मरीजों की संख्या अधिक है। यदि पुणे जिले के आंकड़े देखें तो यहां कुल 44205 मरीज एचआईवी संक्रमित हैं, जिनमें से 70 प्रतिशत पुरुष और 30 प्रतिशत महिलाएं हैं।

पुणे के ससून अस्पताल में एड्स मरीजों के उपचार के लिए 2002 में एआरटी (एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी) केंद्र शुरू हुआ जो 2005 से नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध करा रहा है। शहर में इसके 11 उपकेंद्र भी कार्यरत हैं। मरीजों को सुविधाजनक तरीके से दवाएं, उपचार उपलब्ध कराने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र स्थापित किए गए हैं।

ससून में केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. हरिदास प्रसाद ने बताया कि किसी व्यक्ति को एचआईवी होने पर कई प्रकार के लक्षण दिख सकते हैं, जिनमें कई दिनों तक बुखार रहना, दस्त लगना, वजन कम होना, टीबी होना, फंगल संक्रमण, शरीर के निजी अंगों में सूजन जैसे लक्षण शामिल हैं। ऐसे मरीजों का तुरंत उपचार करवाना चाहिए। एआरटी दवाओं के माध्यम से उपचार किया जाता है। एआरटी केंद्र में परामर्श से फर्स्ट लाइन से थर्ड लाइन दवाओं तक की सुविधा उपलब्ध होती है। साथ ही, अन्य संबंधित रोगों का उपचार, सीडी 4 और वायरल लोड परीक्षण, टीबी और हेपेटाइटिस रोगियों के लिए विशेष सेवाएं, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पीईपी उपचार, बच्चों के लिए पोषक आहार सुविधाएं केंद्र में उपलब्ध हैं। ससून स्थित एआरटी केंद्र के आंकड़े के अनुसार वर्तमान में सभी एआरटी केंद्रों में 30508 पंजीकृत एड्स मरीज हैं, जबकि ससून स्थित एआरटी केंद्र में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 5583 है।

एआरटी सेवा की वजह से हजारों मरीज अच्छे स्वास्थ्य के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं। कई लोग नौकरी और व्यवसाय कर अपने और अपने परिवार का जीवन सुधार रहे हैं। जरूरतमंद मरीज हमारे पास अवश्य आएं। अब लोगों में जागरूकता बढ़ी है, इसलिए संक्रमण का अनुपात कम हुआ है। समाज में इस विषय पर जागरूकता होना अत्यंत आवश्यक है।

-डॉ. हरिदास प्रसाद, नोडल अधिकारी, एआरटी केंद्र, ससून अस्पताल

Created On :   1 Dec 2025 4:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story