- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मनपा चुनाव के लिए हाथ मिलाएंगी...
Pune City News: मनपा चुनाव के लिए हाथ मिलाएंगी दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस!

- गठबंधन की चर्चा अंतिम चरण में
- पुणे मनपा चुनाव को लेकर बढ़ी गहमागहमी
भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों की गहमागहमी बढ़ती जा रही है। स्थानीय स्तर पर कई बड़ी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। नगर परिषद चुनावों में महाविकास आघाड़ी और महायुति के घटक दलों ने स्थानीय स्तर पर अपने-अपने हिसाब से गठबंधन किया है। इस कारण कई जगहों पर महायुति के माध्यम से सत्ता में बैठी पार्टियां भी एक-दूसरे के खिलाफ उतरी हैं। इसी बीच पुणे मनपा चुनाव में अजित पवार और शरद पवार की दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के एक साथ चुनाव लड़ने की जोरदार हलचल शुरू है। राकांपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ स्तर पर गठबंधन की चर्चा अंतिम दौर में है।
चर्चा यह है कि वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी के दो पूर्व महापौरों ने इस संबंध में एक घंटे तक बातचीत की है। हालांकि, राकांपा के शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप इस गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
दोनों पार्टियों के नेताओं का मानना है कि पुणे मनपा का आगामी चुनाव दोनों राकांपा को एक साथ लड़ना चाहिए। स्थानीय कार्यकर्ता भी मानते हैं कि अगर भाजपा को शिकस्त देना है, तो दोनों ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों को एक साथ आना चाहिए। इसकी प्रबल संभावना है कि पुणे मनपा में आगामी चुनाव मुख्य रूप से भाजपा बनाम राष्ट्रवादी कांग्रेस होगा।
बताया जा रहा है कि अजित पवार की पार्टी के स्थानीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं को इस संबंध में स्पष्ट 'संदेश' दिया है। साथ ही शरद पवार की 'राष्ट्रवादी' के कुछ स्थानीय नेताओं ने भी सांसद सुप्रिया सुले से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस को मिलकर चुनाव लड़ने की मांग की है। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय नेताओं को गठबंधन पर निर्णय लेने का अधिकार देते हुए गठबंधन की गेंद निचले कोर्ट में धकेल दी है।
इस संबंध में जब जगताप से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस चर्चा की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) महाविकास आघाड़ी के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में है। इस संबंध में कांग्रेस के प्रभारी पूर्व विधायक सतेज पाटिल और शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के संपर्क प्रमुख पूर्व विधायक सचिन अहीर के साथ स्पष्ट बातचीत हो चुकी है।
दोनों साथ आए तो मैं दे दूंगा इस्तीफा -प्रशांत जगताप
दोनों राकांपा के इस संभावित गठबंधन का राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी के पुणे शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोनों राष्ट्रवादी एक साथ आते हैं, तो मैं पद से इस्तीफा दे दूंगा और राजनीति से बाहर हो जाऊंगा। उन्होंने कहा जब अजित पवार ने पार्टी छोड़ी, तो हम शरद पवार के साथ खड़े रहे। हमने कई लोगों का विरोध सहा, सरकार के खिलाफ आंदोलन किए। शरद पवार और सुप्रिया सुले पर हुई आलोचना का हमने जवाब दिया। अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो एक साथ लड़ने का विचार कैसे आया? अजित पवार को पता है कि अगर साथ मिलकर लड़े, तो पुणे में उनकी कितनी सीटें आ सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही दोनों गुटों के कुछ कार्यकर्ता एक साथ लड़ने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन यह विकल्प उन्हें स्वीकार्य नहीं है।
Created On :   1 Dec 2025 3:50 PM IST












