Pune City News: छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानियां सुनाते हुए बना नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानियां सुनाते हुए बना नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
लार्जेस्ट ऑडियंस एट कैम्पफायर स्टोरीटेलिंग के लिए दर्ज हुआ कार्यक्रम

भास्कर न्यूज, पुणे। सर्दियों में अलाव की गर्माहट लेते हुए कहानियों और गपशप का मजा लेना हम सभी को पसंद है। इसी माध्यम का उपयोग करते हुए पुणे में ढोले पाटिल एजुकेशन सोसाइटी (डीपीईएस) के खराड़ी कैंपस में लार्जेस्ट ऑडियंस एट कैम्पफायर स्टोरीटेलिंग यानी अलाव के पास हुए कथावाचन के लिए उपस्थित सबसे बड़ा श्रोता समूह का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

हाल ही में, छत्रपति शिवाजी महाराज से संबंधित 12 किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में स्थान मिला है। डीपीईएस के खराड़ी कैंपस में तैयार किए गए एक बड़े अलाव के चारों ओर, प्रसिद्ध लेखक और निर्देशक दिग्पाल लांजेकर ने शिवाजी महाराज और इन किलों से संबंधित कहानियां सुनाईं। इस कथावाचन कार्यक्रम में तकरीबन 4623 श्रोताओं ने भाग लिया, जिसमें विद्यार्थी और उनके माता-पिता शामिल थे।

इस विश्व रिकॉर्ड की निगरानी के लिए विशेष रूप से लंदन से पुणे आए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के वरिष्ठ न्यायकर्ता (सीनियर एडज्युडिकेटर) प्रवीण पटेल के हाथों ढोले पाटिल एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष सागर ढोले पाटिल को गिनीज विश्व रिकॉर्ड रचने का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

सागर ढोले पाटिल ने कहा, कुछ महीने पहले, छत्रपति शिवाजी महाराज से संबंधित 12 किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में स्थान मिला। इस अवसर पर, इन किलों का महत्व और शिवाजी महाराज के पराक्रम को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से हमने यह पहल शुरू की और शिवाजी महाराज की प्रेरणा से इसे सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में हमें सफलता मिली।

सागर ढोले पाटिल ने राय व्यक्त की कि कैम्पफायर स्टोरीटेलिंग की संकल्पना दुनिया भर के पर्वतारोहियों में लोकप्रिय है, और इसी श्रेणी में गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने से छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके इन अद्वितीय किलों की जानकारी देश और विदेश के पर्वतारोहियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

Created On :   17 Nov 2025 6:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story