- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ज्यादा पार्किंग शुल्क वसूलने वालों...
Pune City News: ज्यादा पार्किंग शुल्क वसूलने वालों पर जल्द कसेगा शिकंजा

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में पार्किंग स्थलों पर की जा रही अनियमित वसूली पर रोक लगाने के लिए मनपा ने अब कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया है। पार्किंग ठेकेदारों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूलने की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। लगातार तकरारों के बाद प्रशासन ने संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी की हैं।
मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोषी पाए गए ठेकेदारों के अनुबंध रद्द किए जाएंगे। हालांकि, कार्रवाई कब से शुरू होगी, इस बारे में उन्होंने स्पष्ट समय सीमा नहीं बताई।
पिछले कुछ महीनों से शहर के नागरिक बढ़े हुए पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। कई स्थानों पर महापालिका द्वारा तय दरों से कई गुना अधिक राशि वसूलने के प्रकरण उजागर हुए हैं। नागरिकों ने अनियमितताओं की शिकायतें मनपा को समक्ष कीं, जिसके बाद प्रशासन ने गंभीरता से जांच शुरू की है। कुछ नागरिकों का आरोप है कि पार्किंग विभाग के कुछ अधिकारी ठेकेदारों को परोक्ष रूप से संरक्षण दे रहे हैं, जिससे शिकायतें वरिष्ठ स्तर तक पहुंचने में विलंब हो रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी मनपा पर दबाव बढ़ाया है। हिंद माता प्रतिष्ठान के संयोजक प्रणव धंगेकर ने अफसरों से मुलाकात कर तुरंत कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब तक ठेकेदारों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक नागरिकों की हो रही लूट बंद नहीं होगी। अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने भी बताया कि सभी ठेकेदारों को नोटिस भेजे जा चुके हैं और जल्द कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   17 Nov 2025 3:06 PM IST












