Pune News: चर्होली गोलीकांड मामले के आरोपी सलाखों के पीछे

चर्होली गोलीकांड मामले के आरोपी सलाखों के पीछे
  • कारोबारी की थी दिनदहाड़े हत्या
  • पुलिस की चतुराई और ताम्हिणी घाट में जाल
  • पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की बड़ी सफलता

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। आपसी विवाद में अपने कारोबारी दोस्त के सिर में गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने धरदबोचा है। 12 नवंबर की शाम चर्होली के खड़ी मशीन रोड पर हुए सनसनीखेज गोलीकांड और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फरार हुए दो आरोपी ताम्हिणी घाट में फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए गिरफ्तार किए गए। जबकि मुख्य आरोपी को शुक्रवार देर शाम पुणे के वाघोली से गिरफ्तार किया गया। चर्होली के नितिन शंकर गिलबिले (38, वड़मुखवाड़ी) की उनके ही परिचितों ने कार में बिठाकर सिर में गोली मारकर हत्या की थी। क्राइम ब्रांच की फिरौती रोधी दस्ते ने इस मामले में फरार चल रहे विक्रांत सुरेश ठाकुर (38, सोलू, खेड़ ) और सुमित फूलचंद पटेल (31, दिघी) नामक दो आरोपियों को ताम्हिणी घाट से गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य आरोपी अमित जीवन पठारे (पठारे मला, चर्होली) को दिघी पुलिस थाने डिटेक्शन ब्रांच (डीबी) की टीम ने वाघोली से धरदबोचा।

- पुलिस की चतुराई और ताम्हिणी घाट में जाल

वारदात के बाद पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने तुरंत च टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि पांच आरोपी मुंबई की दिशा में भाग रहे हैं। इसी बीच गुरुवार की रात फिरौती रोधी दस्ते को सूचना मिली कि ताम्हिणी घाट क्षेत्र से बिना नंबर प्लेट की काली फॉर्च्युनर तेजी से गुजर रही है और संदिग्ध दिख रही है।टीम ने तुरंत ताम्हिणी घाट से पौड की ओर जाने वाले मार्ग पर जाल बिछाया। पुलिस को देखकर आरोपी कार छोड़कर भागने लगे, लेकिन पीछा कर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पुलिस ने फॉर्च्युनर कार और उनके मोबाइल फोन मौके से जब्त कर लिए।

व्यावसायिक विवाद या व्यक्तिगत रंजिश ?

दोनों आरोपियों को दिघी पुलिस के हवाले किया गया। इस बीच दिघी थाने की डीबी की टीम को आरोपी अमित पठारे के वाघोली में छिपे रहने की जानकारी मिली। इसके अनुसार पुलिस हवलदार स्वप्निल लांडगे, योगेश नागरगोजे, सुधीर डोलस, नितीन लवटे की टीम ने अमित को ढूंढकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जमीन के व्यवहार में नितिन गिलबिले और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह वारदात हुई है, ऐसी जानकारी पुलिस सूत्रों से मिली है।हालाँकि पुलिस द्वारा नितीन गिलबिले का कारोबार, हालिया विवाद, और आरोपियों से पुराने संबंध इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस इस हत्या को व्यावसायिक विवाद या व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम मान रही है।

Created On :   15 Nov 2025 4:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story