- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- चिड़ियाघर की टिकट दरों के बढ़ोतरी...
Pune City News: चिड़ियाघर की टिकट दरों के बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर

भास्कर न्यूज, पुणे। कात्रज स्थित राजीव गांधी चिड़ियाघर की टिकट दरों में वृद्धि का प्रस्ताव महापालिका की स्थायी समिति ने मंजूर कर दिया है। प्रशासन ने पर्यटकों की बढ़ती संख्या और प्राणी संग्रहालय के रखरखाव एवं विकास के बढ़ते खर्च को ध्यान रखते हुए टिकट दरों में लगभग 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव रखा था।
मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम की अध्यक्षता में होने वाली मुख्य सभा की मंजूरी के बाद नई दरें लागू हो जाएंगी। राजीव गांधी चिड़ियाघर 130 एकड़ क्षेत्र में फैला शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल है। वहां हर साल 16 से 18 लाख पर्यटक आते हैं। टिकट दरों में 2018 के बाद से बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इससे चिड़ियाघर के रखरखाव, पशुओं की देखरेख, खाद्य सामग्री, सफाई, बिजली, सुरक्षा आदि पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसलिए प्रशासन ने टिकट दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था। प्रति सामान्य नागरिक टिकट अब 60, छोटे बच्चों का 20, विदेशी पर्यटकों के लिए 150 और विद्यार्थियों का टिकट 20 रुपए करने का प्रस्ताव है।
संपत्ति कर के जुर्माने में 75 प्रतिशत छूट आज से
बकाया संपत्ति कर वसूलने के लिए महापालिका ने अभय योजना लागू करने का निर्णय लिया है। प्रस्ताव को स्थायी समिति की बैठक में मंजूरी दी गई। योजना में सभी प्रकार के बकायादारों को मूल रूप से संपत्ति कर बकाया राशि पर लगे जुर्माने में 75 फीसदी की छूट दी जाएगी। हालांकि, जिन संपत्ति मालिकों ने इससे पहले लागू की गई अभय योजना का लाभ लिया है, उन्हें इस बार अभय योजना का लाभ नहीं मिलेगा। मनपा प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के तहत इस योजना के लिए लगभग 4 लाख 97 हजार 172 बकायादार प्रात्र होंगे, जिन पर 12161 करोड़ रुपए बकाया हैं। योजना 15 नवंबर से 15 जनवरी तक लागू रहेगी।
Created On :   15 Nov 2025 3:30 PM IST












