- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- फुले नगर के पास पैदल भूमिगत मार्ग...
Pune City News: फुले नगर के पास पैदल भूमिगत मार्ग चार साल से बंद

भास्कर न्यूज, पुणे। महानगर पालिका द्वारा फुले नगर के पास निर्मित स्व. लालूजी संनुजी गोगले पैदल भूमिगत मार्ग (अंडरपास) चार साल से बंद है। इस कारण स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि उक्त भूमिगत मार्ग कचरा घर बन चुका है, जिससे उसका उपयोग करना असंभव हो गया है। मार्ग के भीतर रोशनी के इंतजाम नहीं हैं, जिससे हमेशा घना अंधेरा रहता है। यही नहीं, एक प्रवेश द्वार के पास महापालिका ने बरसात के दौरान जमा हुए पानी को निकालने के लिए जेट पंप लगाया था। मानसून सीजन में अंडरपास में कमर तक पानी भर गया था, जिससे मच्छरों का प्रकोप और दुर्गंध से लोगों का त्रस्त होना बढ़ गया था।
नागरिकों की शिकायत के बाद पंप से पानी तो निकाल दिया गया, लेकिन अब एक महीना बीतने के बाद भी जेट पंप वहीं पड़ा है। लगता है कि जिम्मेदार पंप हटाना भूल गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार महापालिका को आवेदन दे चुके हैं कि अंडरपास की सफाई करवाई जाए, लाइट चालू की जाएं और मार्ग नागरिकों के लिए फिर खोला जाए, लेकिन अफसर इस मुद्दे पर लगातार आंखें मूंदे हुए हैं।
Created On :   15 Nov 2025 3:55 PM IST












